पंजाब के पूर्व सीएम व अमृतसर लोकसभा सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पंजाब के सीएम प्रकाश सिंह बादल से मांग की है कि वह निकायमंत्री अनिल जोशी को केबनिट से बर्खास्त करें क्योंकि वह झूठे केस दर्ज करवाकर अपने उपर दर्ज मामलों का समझौता करवाने की कोशिश कर रहा है।
वह जमीन को हड़पने से लेकर दोहरे वोट के चक्कर में फंसा हुआ है और ऐसे में वह विरोधी पक्ष पर झूठे केस दर्ज करवा रहा है।
कैप्टन अमरिंदर सिंह बुधवार रात को ही जालंधर में आ गए थे, वह अपने मित्र होटल रेडिसन के मालिक गौतम कपूर के माडल टाऊन स्थित आवास में रात को रूके थे। वीरवार सुबह उनहोंने चुनिंदा पत्रकारों से बात की और कहा कि पंजाब के बारे में जो पोल सर्वेक्षण आ रहे हैं, वह ठीक नहीं है।
पंजाब में आम आदमी पार्टी को मिल रही वोट के बारे में कैप्टन ने कहा कि आप ने शहरों में जो वोट ली है, उससे कांग्रेस को नुकसान हो सकता है लेकिन आप को गांवों में भी काफी वोट पड़ने की बातें आ रही हैं, जिसका सीधा नुकसान शिअद को है।
कैप्टन ने कहा कि आप का हाल पीपीपी जैसा ही होगा। संगरूर से प्रत्याशी भगवंतमान पर कटाक्ष करते हुए कैप्टन ने कहा कि क्या वह लोकसभा में जाकर चुटकले सुनाएगा? लोगों के हित व विकास की बातों को करना होगा, चुटकले सुनाने से संसद नहीं चलती।
पंजाब के राजस्व मंत्री विक्रम सिंह मजीठिया को सुनाई गई धार्मिक सजा पर कैप्टन ने कहा कि उसको काफी नर्म सजा सुनाई गई है।
मजीठिया क्रिमनल माइंडेड है, जिसने ड्रग व शराब पर कब्जा जमा रखा है। कैप्टन ने कहा कि उनको ऐसी सूचनाएं मिल रही थी कि जोशी व मजीठिया मतगणना के दौरान धक्केशाही कर सकते हैं, इसलिए वह खुद अमृतसर कूच कर रहे हैं और वहां पर अतिरिक्त बल लगाने के लिए भी चुनाव आयोग को कहा गया है और आयोग वहां पर अतिरिक्त सुरक्षा बल लगा भी रहा है।