हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने प्रदेश में गेस्ट और कंप्यूटर टीचरों के मामले के लिए पूर्व कांग्रेस सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। शनिवार को विज ने ट्वीट कर कहा कि पूर्व सरकार की अनुभवहीनता के कारण भाजपा सरकार को केवल कर्ज का बोझ ही नहीं, बल्कि समस्याएं भी विरासत में मिली हैं। उन्होंने लिखा है कि कोर्ट केसों और कानूनी प्रावधानों के कारण चाहकर भी हम टीचरों के मामलों को हल नहीं कर सकते।
अनिल विज का यह ट्वीट उनके फेसबुक एकाउंट पर सैकड़ों लोगों की ओर से गेस्ट और कंप्यूटर टीचरों की मांगें पूरी किए जाने के आग्रह के रूप में भेजे गए संदेशों के जवाब में आया है।
पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट के एक फैसले में गेस्ट टीचरों को हटाने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद से प्रदेश सरकार और शिक्षा विभाग भी गेस्ट टीचरों को बाहर का रास्ता दिखाने की तैयारी कर रहा है। उधर, पंचकूला स्थित शिक्षा सदन के बाहर धरने पर बैठे शिक्षकों की विभाग में समायोजन की मांग पर सरकार अब तक खामोश थी। अनिल विज के ट्वीट से दोनों वर्गों के टीचरों को झटका लगा है, जो सरकार से उम्मीद लगाए बैठे थे।