योगगुरु बाबा रामदेव रोहतक में एक कार्यक्रम के दौरान
- फोटो : अमर उजाला
रोहतक आए योगगुरु बाबा रामदेव ने पाक अधिकृत कश्मीर को लेकर पाकिस्तान की आलोचना करते हुए पीएम मोदी से बड़ी अपील की। कश्मीर में लगातार बढ़ती आतंकी गतिविधियों और आतंकी बुरहान के एनकाउंटर के बाद हुए बवाल पर योग गुरु बाबा रामदेव ने तीखी प्रतिक्रिया जाहिर की है।
बाबा रामदेव का कहना है कि पीएम नरेंद्र मोदी को पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) को मुक्त कराने के लिए आंदोलन चलाना चाहिए, ताकि कश्मीर पूरी तरह भारत के पास हो और उस पर किसी तरह का विवाद ही ना रहे। साथ ही सीमा पार के सभी आतंकवादी कैंपों को हमला करके ध्वस्त कर देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जब आतंकवादी ही खत्म हो जाएंगे तो पाकिस्तान खुद ही कमजोर पड़ जाएगा। रोहतक में एक कार्यक्रम में भाग लेने आये बाबा रामदेव ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि जब हम भारत का नक्शा देखते हैं तो बहुत दुख होता है। कश्मीर केवल नक्शे पर दिखाई देता है और उस पर दूसरे कब्जा करने में लगे हैं।