मटका चौक पर समर्थकों के साथ बैठे बाबा लाभ सिंह।
- फोटो : अमर उजाला
मटका चौक से हटाए गए बाबा लाभ सिंह के तंबू को शनिवार को दोबारा गाड़ दिया गया। इसके बाद बाबा ने इसी तंबू में डेरा डाला है। ऐसे में बाबा के मटका चौक पर तंबू गाड़ने से पुलिस की मुश्किलें एक बार फिर से बढ़ गई हैं। तंबू लगने की सूचना पर मौके पर एसपी सिटी केतन बंसल समेत सेक्टर-17 थाना प्रभारी समेत अन्य पुलिस भी पहुंची लेकिन तंबू को नहीं हटवाया गया।
इस दौरान बाबा लाभ सिंह का कहना था कि इसी जगह तंबू लगाकर बैठूंगा। इस बीच उनके समर्थकों का आना जाना लगा रहा। मंगलवार पुलिस ने बाबा को हटाकर रोज गार्डन की तरफ वाली सड़क किनारे बिठाया था लेकिन बाबा अपनी पुरानी जगह को छोड़ने को तैयार नहीं है। तंबू हटने के बाद से बाबा मटका चौक पर बिना तंबू के ही बैठे रहते थे।
गौर रहे कि को सेक्टर 17 थाना पुलिस बाबा लाभ सिंह को मटका चौक से हटाकर उनका तंबू उखाड़ दिया था। इसके बाद उनके समर्थकों ने थाने के बाहर घेराव कर जमकर हंगामा किया था। बाद में पुलिस ने इस सहमति पर बाबा को छोड़ा कि उन्हें मटका चौक से हटकर बैठना होगा।
इसके बाद बाबा लाभ सिंह पुरानी वाली जगह से करीब 100 मीटर की दूरी पर रोज गार्डन की तरफ तंबू गाड़ा था। बता दें कि मटका चौक पर अक्सर वीआईपी रूट लगता रहता है। इसके चलते पुलिस बाबा को कई बार हटाने की कोशिश की है लेकिन समर्थकों के चलते वह अक्सर नाकाम रही है।