केसरी फिल्म के गीत ‘तेरी मिट्टी’ के लिए 67वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में बेस्ट प्लेबैक सिंगर का अवॉर्ड जीतने वाले प्रतीक बचन उर्फ बी प्राक चंडीगढ़ के हैं। तेरी मिट्टी गीत को गीतकार मनोज मुंतशिर ने लिखा था और अर्को प्रावो मुखर्जी ने इसे कंपोज किया था। मार्च 2019 में यह गाना रिलीज हुआ था। बी प्राक पंजाबी संगीत निर्देशक, संगीत संगीतकार और गायक हैं। उन्हें पहली बार पंजाबी गीत 'मन भरेया' से प्रसिद्धि मिली थी। उनके पिता वरिंदर बचन भी पंजाबी संगीत निर्देशक हैं।
बी प्राक का जन्म चंडीगढ़ में हुआ था। वह चंडीगढ़ सेक्टर-21 में पले-बढ़े। उन्होंने बताया कि संगीत की पृष्ठभूमि वाले परिवार से थे, इसलिए उनका झुकाव बचपन से संगीत की ओर था। वह गायक बनना चाहते थे और अक्सर अपनी मां के साथ गाने के बारे में अपनी इच्छाओं को साझा करते थे।
बी प्राक के पिता वरिंदर बचन के दोस्त सौभाग्य वर्धन ने बताया कि बी प्राक को अपने पिता से संगीत की सीख मिली। उन्हें शुरू से लाइट म्यूजिक काफी पसंद रहा तो उन्होंने बेटे को भी लाइट म्यूजिक की सीख दी। आजकल युवाओं की पसंद यही है।
उन्होंने बताया कि बाद में पूरे परिवार के साथ वह जीरकपुर में शिफ्ट हो गए थे। उन्होंने बताया कि उनके पिता ने यहां आते ही म्यूजिक अकादमी भी खोली थी। जीरकपुर में आकर बी प्राक के सपनों को पंख मिले और उन्होंने लगातार हिट गाने भी दिए। करीब 10 साल के अथक प्रयास के बाद बी प्राक लगातार अपने गीतों के माध्यम से युवाओं के दिलों पर राज करने लगे। तेरी मिट्टी गीत रिलीज होते ही हिट हो गया था।