पंजाब के पठानकोट में हुए आतंकी हमले की जिम्मेदारी भले ही किसी आतंकी संगठन ने न ली हो, लेकिन इसके पीछे आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद का नाम आ रहा है। जैश के मुखिया मौलाना मसूद अजहर के छोटे भाई रऊफ को इस हमले का मास्टर माइंड बताया जा रहा है। मसूद अजहर ही वो आतंकी है, जिसे छुड़ाने के लिए कंधार हाईजैक की साजिश रची गई थी।
कौन है मसूद अजहर और क्या है उसकी हिस्ट्री?
मसूद अजहर जैश का वो आतंकी है जिसे 17 साल पहले 1999 में कांधार हाईजैक मामले में भारत ने रिहा किया था। 24 दिसंबर 1999 को 5 हथियारबंद आतंकवादियों ने 178 यात्रियों के साथ इंडियन एयरलाइंस के हवाई जहाज आईसी-814 को हाइजैक कर लिया था।
हरकत-उल-मुजाहिद्दीन के आतंकियों ने भारत सरकार के सामने 178 यात्रियों की जान के बदले में तीन आतंकियों की रिहाई का सौदा किया था। 1999 में वाजपेयी सरकार ने यात्रियों की जान बचाने के लिए मसूद अजहर समेत तीन आतंकियों को छोड़ने का फैसला किया था, जिन तीनों आतंकियों को छोड़ने का फैसला किया था उन्हीं मे से एक है मसूद अजहर।