आयुष किट में रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाली चीजें शामिल की गई हैं। इसमें विशेष प्रकार का काढ़ा और आयुर्वेदिक गोलियां शामिल हैं। साथ ही लोगों को हल्दी युक्त गुनगुना दूध और गर्म पानी पीने की भी सलाह दी गई है। आयुष किट को कोरोना वारियर्स तक पहले ही पहुंचाया जा रहा है। अब इसे आम लोगों तक पहुंचाने की कोशिश हो रही है।
20 हजार काढ़े के पैकेट का हो चुका वितरण
कोरोना काल के दौरान पंजाब का आयुर्वेद विभाग कोरोना वारियर्स में शामिल सरकारी कर्मचारी और अधिकारियों के लिए 20 हजार काढे के पैकेट का वितरण कर चुका है। काढे़ के साथ ही आयुर्वेद की दवाओं का वन विभाग, बीएसएफ सहित प्रशासनिक विभागों में भी निशुल्क वितरण कर चुका है।
लोगों की इम्युनिटी बढ़ाने के लिए आयुष किट को वितरित किया जा रहा है। इससे लोगों की सेहत बेहतर रहेगी। वे कोरोना के साथ-साथ दूसरी बीमारियों से भी बच सकेंगे। आयुर्वेद विभाग अपने काम में लगा हुआ है और लगातार आयुष किट बना रहा है। आयुर्वेद विभाग इम्युनिटी बूस्टर किट की नई खेप फिर वितरित करने की तैयारी कर रहा है। - राकेश शर्मा, पूर्व निदेशक, आयुर्वेद विभाग, पंजाब