चंडीगढ़। सुखना लेक पर सहायता चैरिटेबल वेलफेयर सोसाइटी ने पिंक अक्तूबर अभियान के तहत ब्रेस्ट कैंसर जागरूकता के लिए पिंक वॉकथॉन का आयोजन किया। इसमें सैकड़ों लोगों ने ब्रेस्ट कैंसर से संबंधित रोकथाम, शुरुआती पहचान और इलाज के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए वॉक किया।
प्रतिभागियों ने ब्रेस्ट कैंसर की बीमारी के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए संदेश वाले पोस्टर और बैनर ले रखे थे। सहायता चैरिटेबल वेलफेयर सोसाइटी की संस्थापक अध्यक्ष नीलू तुली थीं और 26 अक्टूबर 2006 को कैंसर के कारण उनका निधन हो गया था। पिंक वॉकथॉन चंडीगढ़ में पहली बार स्वर्गीय नीलू तुली ने साल 2005 में शुरू किया था।
पीजीआई के डिपार्टमेंट ऑफ रेडियोथेरेपी एंड ऑन्कोलॉजी विभाग की हेड डॉ. भावना राय ने सुखना लेक पर वॉकथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सोसाइटी की अध्यक्ष रेनू सैगल ने कहा कि हर साल अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ब्रेस्ट कैंसर जागरूकता महीने के रूप में मनाया जाता है। कैंसर सर्वाइवर रेनू सैगल ने बताया कि विश्व स्वास्थ्य संगठन ने इस साल की थीम-हर कहानी अनोखी है, हर यात्रा मायने रखती है रखी गई है। यह थीम ब्रेस्ट कैंसर से पीड़ित महिला की यात्रा के व्यक्तिगत स्वरूप की परवाह किए बिना अच्छी देखभाल की जरूरत पर जोर देती है।
उन्होंने कहा महिलाओं को नियमित रूप से खुद की जांच करनी चाहिए और अगर उन्हें ब्रेस्ट एरिया में कोई असामान्य बदलाव या गांठ दिखे तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए। इस मौके पर अजय तुली ने कहा कि सोसाइटी जरूरतमंद कैंसर मरीजों को आर्थिक मदद के साथ इलाज में भी मदद करती है। वॉकथॉन में अलग-अलग स्कूलों के एनएसएस स्टूडेंट्स, एनसीसी कैडेट्स, कार्मेल एक्स-स्टूडेंट्स एसोसिएशन के मेंबर्स, इनर व्हील क्लब के मेंबर्स, रोटेरियनस, जाने-माने नागरिक, डॉक्टर्स और सीनियर सिटीजनस ने हिस्सा लिया। एक्सपर्ट प्रियंका ने आसान योगा एक्सरसाइज भी करवाईं।