चंडीगढ़। नेत्रदान पखवाड़े का समापन सोमवार को नेत्रदान जागरूकता संकल्प के साथ हुआ। इस अवसर पर पीजीआई के एडवांस आई सेंटर की ओर से सेक्टर-36 स्थित देव समाज कॉलेज में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें डॉक्टर इंदु के साथ ही सामाजिक कार्यकर्ता मुकेश व अमृतपाल ने बीएड छात्रों व उनके संकाय सदस्यों को नेत्रदान से जुड़ी जानकारी दी। छात्रों ने अभियान का समर्थन करने का संकल्प लिया।
उन्होंने कहा कि बीएड पूरा करके नौकरी जॉइन करने के बाद स्कूल में जागरूकता को आगे भी बढ़ाएंगे। इसी क्रम में सेक्टर 22 में आयोजित कार्यक्रम में पीजीआई के पूर्व नेत्र विशेषज्ञ डॉ. अशोक शर्मा ने बताया कि कॉर्नियल ट्रांसप्लांट एक चमत्कारी ऑपरेशन है। इससे मरीज अगले ही दिन देखने लगते हैं। डॉ. शर्मा ने कहा कि कॉर्नियल ट्रांसप्लांट सिर्फ आंखों की रोशनी ही नहीं लौटाता, यह जिंदगी भी बचा सकता है। सभी को नेत्रदान करने और दूसरों को इसके लिए प्रेरित करना चाहिए।