मैं हूं पुलिस वाले का बेटा बोल, युवक ने ऑटो चालक को पीटा
पुलिस पर आरोप, कार्रवाई करने के बजाय मामला सुलह करने में जुटी
ऑटो चालक ने पूछा था, साहब कहीं जाना है
माई सिटी रिपोर्टर
चंडीगढ़। सेक्टर-17 स्थित बस स्टैंड पर उस वक्त हंगामा शुरू हो गया, जब एक ऑटो चालक ने युवक से यह पूछ लिया कि साहब कहीं जाना है। यह सुन एक युवक को उसकी बात नागवार गुजरी और खुद को पुलिस वाले का बेटा बताकर ऑटो चालक की दो दोस्तों के साथ मिलकर पिटाई कर दी। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई, लेकिन पुलिस की ढीली कार्रवाई होते देख सेक्टर-17 थाने में ऑटो चालक इकट्ठा होना शुरू कर दिया। आरोप है कि पुलिस मामला दर्ज करने के बजाय उस पर सुलह करने के लिए दबाव बना रही है।
जानकारी के अनुसार सेक्टर-32 निवासी पीड़ित बृजलाल उर्फ पिंका (52) ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह रोजाना की तरह बस स्टैंड के पास मंगलवार को अपना ऑटो लेकर सवारियों का इंतजार कर रहा था। इस दौरान वहां से गुजर रहे युवक को देखा तो उससे पूछा कि साहब कहां जाना है। इससे गुस्साए युवक ने बिना किसी बात के खुद को पुलिसकर्मी का बेटा बताकर उसकी पिटाई शुरू कर दी। मामला बढ़ता देख वहां मौजूद मलोया निवासी टिंकू नामक युवक छुड़ाने आया तो उसको भी पीटा। पीड़ित ने बताया कि उसका हाल ही में ऑपरेशन हुआ था। आरोपियों की ओर से ऑपरेशन वाली जगह पर वार करने के बाद उसको काफी पीड़ा हो रही है। वहीं, पुलिस का कहना है कि उस पर लगे आरोप निराधार हैं। डीडीआर दर्ज कर घायल का मेडिकल कराया जा रहा है। इसके बाद बनती कार्रवाई की जाएगी। वहीं सूत्रों के अनुसार ऑटो चालक पर हमला करने वाले युवकों में एक युवक चंडीगढ़ पुलिस में तैनात पुलिसकर्मी का बेटा है।