मोहाली फेज-6 मे सोमवार दोपहर सवा एक बजे ऑडी सवार तीन संदिग्ध युवक पीसीआर गाड़ी को देखकर कार को दौड़ाते हुए चंडीगढ़ की तरफ भाग निकले। संदिग्ध युवकों की कार के फुटपाथ से टकराने के बाद गाड़ी का टायर फटने के साथ शीशा टूट गया।
उनका पीछा करती हुई पीसीआर डड्डूमाजरा कॉलोनी पहुंच गई। कॉलोनी में ऑडी सवारों का पुलिस पीछा करती रही। इसी बीच आगे का रास्ता बंद होने पर ऑडी सवार तीनों युवक गाड़ी छोड़कर फरार हो गए। पीसीआर मुलाजिमों ने उनका सात से आठ किलोमीटर तक पीछा किया लेकिन वे हाथ नहीं आए। ऑडी कार का नंबर एचआर 70 ई 5565 है।
डीएसपी नवीन पाल सिंह लेहल ने बताया कि फेज-6 मोटर मार्केट के पास पीसीआर गश्त कर रही थी। इसी बीच ऑडी सवार तीन संदिग्ध पुलिस को देखकर फेज-1 की तरफ भागने लगे। पीसीआर ने उन्हें रोकना चाहा, लेकिन मोहाली बस स्टैंड की तरफ सीधा जाकर उन्होंने यू टर्न ले लिया। इसके बाद दारा स्टूडियों की तरफ जाकर फिर यूटर्न लिया और मोटर मार्केट से होकर चंडीगढ़ में प्रवेश कर गए। इस दौरान सेक्टर 39 में चंडीगढ़ पुलिस का नाका तोड़ने के बाद कार फुटपॉथ से टकरा गई। इसके बावजूद संदिग्ध कार को दौड़ाते हुए डड्डूमाजरा कॉलोनी में घुस गए।
पीसीआर को पीछा करते देख लगा कार में गैंगस्टर हैं
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एक महिला सिपाही संदिग्ध युवकों को पकड़ने के लिए डंडा लेकर दौड़ रही थी। एक बाइक पर लिफ्ट भी ली लेकिन संदिग्ध गांव की गलियों में कहीं गायब हो गए। पीसीआर का इस तरह पीछा करना एकाएक गांव वालों को लगा कि ऑडी में कोई गैंगस्टर है। वहीं, घटना के बाद मलोया थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और संदिग्ध युवकों की तलाश में जुट गई।
बाल-बाल बचे स्कूली बच्चे, लोगों ने पीछे हटकर बचाई जान
पीसीआर संदिग्ध कार सवारों का पीछा करती हुए डड्डूमाजरा कॉलोनी पहुंची। इसी बीच स्कूल की छुट्टी के बाद सड़क से घर जा रहे स्कूली बच्चे तेज रफ्तार कार से बाल-बाल बचे। कॉलोनी की गलियों में लोगों ने पीछे हटकर खुद को बचाया। एक महिला ने बताया कि उसके बच्चे सड़क पर खेल रहे थे, ऑडी कार की रफ्तार बहुत तेज थी। इस दौरान कॉलोनी में मकान नंबर 2407 के पास रास्ता बंद होने के कारण आरोपी दोपहर एक बजकर 27 मिनट पर कार छोड़कर पैदल गांव की तरफ भाग गए। इस समय पीसीआर मुलाजिम 20 मीटर पीछे थे। पीसीआर मुलाजिम कार को कब्जे में लेकर सेक्टर 39 थाने ले गए। जहां डीडीआर दर्ज करने के बाद कार को मोहाली फेज-1 के हवाले कर दिया गया। मोहाली फेज-1 के एसएचओ सुखबीर सिंह ने बताया कि कार के नंबर से जांच की जा रही है। कार से कुछ भी बरामद नहीं हुआ। आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।