यूटी प्रशासन के आबकारी एवं कराधान विभाग की ओर से 6 जून को शहर में बचे हुए 55 शराब के ठेकों की नीलामी कराई जाएगी।
ये सेक्टर-17 स्थित उपायुक्त कार्यालय में होगी। इससे पहले 27 मई को जीएमसीएच-32 के सराय ऑडिटोरियम में 174 में से 119 देसी और अंग्रेजी शराब के ठेकों की नीलामी हुई थी।
55 ठेकों के लिए किसी ने बिड नहीं लगाई थी। इनमें 32 अंग्रेजी और 22 देसी शराब के ठेके हैं। इस नीलामी में सबसे महंगा ठेका 2.61 करोड़ रुपये में बिका था। इन शराब के ठेकों को लेने को इच्छुक बिडर्स को 5 जून को शाम 5 बजे तक आवेदन करना होगा।
जिस ठेके की रिजर्व प्राइस 60 लाख है उसके लिए 10 लाख और जिसकी 60 लाख से एक करोड़ के बीच है उसके लिए 20 लाख अर्नेस्ट मनी जमा कराई गई। 1 से 2 करोड़ के ठेके के लिए 30 लाख और 2 करोड़ से ऊपर के ठेके के लिए 40 लाख रुपये अर्नेस्ट मनी के तौर पर जमा हुई है।
पहली बार आबकारी एवं कराधान विभाग की ओर से बिडर्स की वेटिंग सूची भी तैयार की गई है। प्रशासन को उम्मीद है कि कुछ ठेकेदार ठेका लेने के बाद उसे सरेंडर कर सकते हैं। पिछले साल भी सात बार नीलामी के बाद कई ठेके खाली रह गए थे।
कल से लागू होगी नई पॉलिसी
एक जून से चंडीगढ़ में नई एक्साइज पॉलिसी लागू हो रही है। ऐसे में रविवार से शहर में ब्रांडेड शराब महंगी हो जाएगी और बीयर सस्ती हो जाएगी।
जिन ठेकेदारों को शराब के ठेके इस बार नहीं लिए हैं उन्हें शनिवार को ठेके खाली करने होंगे। ऐसे में शनिवार को अंतिम दिन इन ठेकेदारों की ओर से अपना स्टाक खाली कराने के लिए लोगों को भारी छूट दी जाएगी। शुक्रवार को शहर के कई शराब के ठेकों पर भारी भीड़ उमड़ने की उम्मीद है।