चंडीगढ़। अब मेयर सरबजीत कौर की डीपी लगाकर व्हाट्सएप पर रुपये मांगने का मामला सामने आया है। भाजपा के दो पार्षदों जशमनप्रीत सिंह और राजेंद्र शर्मा से भी ठग ने रुपये मांगे। इसकी जानकारी उन्होंने मेयर को दी गई। तब तक कई अन्य लोगों के भी फोन आ गए। मेयर ने तत्काल एसएसपी कुलदीप चहल को फोन कर मामले की सूचना दी। इस मामले में बुधवार को वह लिखित शिकायत देंगी।
मेयर सरबजीत कौर ने बताया कि किसी ने व्हाट्सएप पर मेरी डीपी लगा ली है। उसके बाद लोगों को फोन लगाकर उनका हालचाल पूछने के बाद रुपये मांग रहा है। लोगों ने सतर्कता बरतते हुए रुपये नहीं दिए। दोनों पार्षदों ने भी मुझे बातचीत का स्क्रीनशॉट खींचकर भेजा है। पार्षद राजेंद्र शर्मा ने बताया कि उनसे बातचीत करते हुए ठग ने कहा कि वह बैठक में व्यस्त है इसलिए फोन नहीं उठा सकता। शक होने पर उन्होंने मुझे फोन करके सूचना दी। मेयर ने लोगों से अपील की है कि सावधान रहें।
बॉक्स
प्रशासक के मुख्य सचिव और डीजीपी की फोटो लगाकर हो चुकी है ठगी
इससे पहले प्रशासक के मुख्य सचिव बाला मुर्गन के नाम से प्रशासक के ही सुरक्षा अधिकारी से एक लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया था। इसके बाद डीजीपी प्रवीर रंजन के नाम पर भी लोगों से ठगी का प्रयास करने का मामला सामने आया था। इसके बाद डीजीपी ने खुद अपने ट्विटर हैंडल से मामले से लोगों को अवगत कराया, साथ ही रुपये न देने की अपील की थी।