फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अधिकारियों पर टिप्पर चढ़ाने की कोशिश, 12 किमी पीछाकर चालक को दबोचा

विज्ञापन
विज्ञापन
चंडीगढ़। कुराली सिसमा टी प्वाइंट के पास नाके पर अवैध खनन के वाहनों की जांच कर रहे अधिकारियों पर चालक ने टिप्पर चढ़ाकर भागने की कोशिश की। करीब 12 किलोमीटर तक टिप्पर का पीछा कर टीम ने चालक को चंडीगढ़ सेक्टर-24 में गुजरात भवन के पास से दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया। सेक्टर-11 थाना पुलिस ने मोहाली के अभीपुर निवासी परमिंदर सिंह (23) के खिलाफ बनती धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को शुक्रवार को जिला अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
विज्ञापन

मामला वीरवार रात करीब 12.30 बजे का है। पंजाब के खनन विभाग के उप मंडल अधिकारी अभिषेक कपूर व खनन उप कप्तान बलजीत भुल्लर समेत पुलिस टीम ने कुराली सिसमा टी प्वाइंट के पास नाका लगाया हुआ था। टीम वहां से गुजरने वाले अवैध खनन के वाहनों की जांच कर रही थी। तभी टीम ने एक टिप्पर को रुकवाने की कोशिश की लेकिन चालक वाहन को रोकने की बजाय नाका तोड़कर फरार भागने लगा। इस दौरान उसने अधिकारियों पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश भी की, जिसके बाद टीम ने टिप्पर का पीछा करना शुरू कर दिया।
करीब 12 किलोमीटर पीछा करने के बाद टिप्पर चंडीगढ़ सेक्टर-24 के गुजरात भवन के पास पहुंचा और जैसे ही स्लिप रोड पर गया तभी पुलिस की गाड़ी अगले रास्ते से गलत दिशा से आकर टिप्पर के आगे खड़ी हो गई लेकिन टिप्पर चालक रुकने के बजाय वाहन को डिवाइडर पर चढ़ाकर मुख्य सड़क पर पहुंचने का प्रयास करने लगा। इस बीच टिप्पर स्ट्रीट लाइट से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गया, जिसके बाद चालक उतर कर वहां से भागने लगा। इसके बाद टीम ने आरोपी को कुछ दूरी पर दबोच कर मामले की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दे दी। सूचना पर सेक्टर-24 चौकी इंचार्ज रवदीप सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी को गिरफ्तार कर टिप्पर को कब्जे में ले लिया और मामले की जांच शुरू कर दी।
विज्ञापन

टिप्पर में भरा हुआ था रेत, ले जा रहा था मोहाली
इस संबंध में खनन इंस्पेक्टर गुरजीत सिंह का कहना है कि चालक टिप्पर को तेज रफ्तार में चला रहा था। ऐसे में बड़ा हादसा हो सकता था। टिप्पर में रेत भरा हुआ था लेकिन चालक के पास उससे संबंधित कोई भी कागजात नहीं था। चालक गाड़ी को छोड़कर भाग रहा था, लेकिन उसे थोड़ी दूर पर दबोच लिया गया। आरोपी से पूछताछ में सामने आया कि वह अभीपुर से टिप्पर लेकर आया था और आगे उसे मोहाली जाना था। उसने सोचा था कि अगर वह चंडीगढ़ में प्रवेश कर जाएगा तो टीम उसका पीछा करना छोड़ देगी। आरोपी के बयान पर टीम ने जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें