चंडीगढ़। सेक्टर-61 स्थित सेंट्रल पार्क के साथ मुख्य सड़क पर एक महिला के साथ गन पाॅइंट पर लूट की कोशिश हुई। महिला ने हिम्मत दिखाकर आरोपी को धक्का मारा और शोर मचा दिया। जिससे घबराकर आरोपी बाइक लेकर फरार हो गए। सेक्टर-61 पुलिस चौकी मामले की जांच कर रही है।
सेक्टर-61 स्थित एमआईजी फ्लैट्स (हाउसिंग बोर्ड) की पूजा डोगरा ने बताया कि वह रोज की तरह बेटे को लेने के लिए सेंट्रल पार्क के मुख्य चौराहे पर फुटपाथ पर बस का इंतजार कर रही थी। उनका बेटा सेक्टर-44 के निजी स्कूल में पढ़ता है। सोमवार को स्कूल में परीक्षा के कारण बस देरी से आने वाली थी। स्कूल की तरफ से कहा गया था कि बस देरी से आएगी और ट्रैकर के जरिए बस की लोकेशन देख लें।
वह दोपहर करीब 12 बजकर 5 मिनट पर फुटपाथ पर बस का इंतजार कर रही थी। उसके पास दो मोबाइल और घर की चाबी थी। तभी एक बाइक सवार युवक आकर रुका, जिसने पगड़ी पहनी हुई थी और कपड़े से मुंह ढका हुआ था। करीब 15 मिनट बाद उसका एक और साथी आया। दोनों ने आपस में बात की। दूसरे युवक ने चेहरा नहीं ढका हुआ था लेकिन चश्मा पहना हुआ था।
नकाबपोश युवक उसके पास आया और पेट पर पिस्टल लगाकर मोबाइल देने की बात कही। पूजा ने मोबाइल देने से इन्कार करते हुए उसे धक्का मारा और शोर मचा दिया। शोर सुनकर पास में मोबाइल का इस्तेमाल कर रहा एक युवक उनकी ओर बढ़ा। यह देखकर आरोपी बाइक पर बैठकर भाग गए। दूसरा साथी पहले से बाइक स्टार्ट कर खड़ा हुआ था।
-
घटना के बाद आरडब्ल्यूए के पूर्व प्रधान को दी जानकारी
पूजा ने बताया कि उनके पति बैंक में नौकरी करते हैं। घटना के बाद वह तुरंत आरडब्ल्यूए के पूर्व प्रधान वीनित सिंह चौहान के पास गईं। वीनित ने सेक्टर-61 पुलिस चौकी में फोन कर घटना की जानकारी दी। जिसके बाद पुलिस पहुंची और पीड़िता को साथ ले जाकर घटनास्थल का जायजा लिया। पूजा ने बताया कि घटनास्थल के सामने रिहायशी इलाका है जहां तीन घरों में कैमरे लगे हैं लेकिन कैमरे खराब पड़े थे। वहीं सोमवार शाम को चौकी इंचार्ज फिर से घटनास्थल पर पहुंचे।
दिनदहाड़े हो रही वारदात
वीनित चौहान ने कहा कि शहर में दिनदहाड़े वारदात हो रही हैं। आए दिन महिलाओं के साथ घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं का शाम और रात को बाहर निकलना असुरक्षित हो गया है।