चंडीगढ़। शातिर ठगों ने अब पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस की तस्वीर को व्हाट्स एप पर लगाकर हाईकोर्ट के ज्वाइंट रजिस्ट्रार संजीव कुमार के साथ धोखाधड़ी की कोशिश की। ठगों ने उनसे अमेजन गिफ्ट कार्ड की मांग की लेकिन संजीव ठगों की चाल समझ गए और मामले की शिकायत पुलिस में कर दी।
सेक्टर-3 थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। साइबर सेल थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। बता दें कि इससे पहले 24 अप्रैल को भी पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस की फोटो व्हाट्स एपपर लगाकर ठगी की कोशिश की गई थी। पुलिस के अनुसार, ज्वाइंट रजिस्ट्रार संजीव कुमार को एक अज्ञात नंबर से व्हाट्स एप मैसेज मिला। उस नंबर पर हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस की तस्वीर लगी हुई थी। मैसेज करने वाले ने संजीव कुमार से अमेजन गिफ्ट कार्ड और पैसों की मदद मांगी। इस पर संजीव कुमार समझ गए कि उनके साथ ठगी की कोशिश की जा रही है।
बता दें कि पिछले महीने व्हाट्स एप पर डीजीपी प्रवीर रंजन और प्रशासक के सलाहकार धर्मपाल की फोटो लगाकर उसी विभाग के अधिकारियों से अमेजन गिफ्ट वाउचर मांगकर ठगी की कोशिश की गई थी लेकिन डीजीपी और प्रशासक के सलाहकार ने ने सभी को सतर्क कर दिया था। इस मामले की अभी जांच चल रही है।
एसपी से ठग लिए थे एक लाख
बीते 18 अप्रैल को पंजाब के राज्यपाल व चंडीगढ़ के प्रशासक बनवारीलाल पुरोहित के प्रधान सचिव जेएम बालामुरुगन की फोटो व्हाट्सएप पर लगाकर शातिरों ने पंजाब पुलिस के एसपी जयदेव से एक लाख रुपये की ठगी कर ली थी। शातिर ने ठीक ऐसे ही एक लाख रुपये के 10 अमेेजन वाउचर मांगे थे। एसपी जयदेव प्रशासक के सुरक्षा दस्ते के प्रभारी हैं।