नकाबपोश युवकों ने आरटीआई कार्यकर्ता और उसके परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया और हवाई फायरिंग करते हुए तोड़फोड़ की। मां और बेटा ने किसी तरह घर में छिपकर जान बचाई। घटना हरियाणा के जींद की है। अज्ञात नकाबपोश युवकों ने बाजरान मोहल्ला आसरी गेट स्थित एक घर के बाहर हवाई फायरिंग की। हमलावरों ने घर के बाहर खड़े वाहनों में भी तोड़फोड़ की।
युवकों ने महिला और उसके बेटे पर भी हमला किया, जबकि परिवार के अन्य सदस्यों ने घर में छिपकर जान बचाई। परिवार के सदस्यों द्वारा शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस व फॉरेंसिक जांच टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच करते हुए अज्ञात युवकों के खिलाफ मारपीट, तोड़फोड़ करने समेत विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत
firing
पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद है, जिसकी जांच की जा रही है। पूरा मामला सीसीटीवी में कैद हो गया है। बाजरान मोहल्ला आसरी गेट निवासी सुनील कपूर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 26 मार्च की रात को अपने घर पर परिवार के साथ बैठा हुआ था। इस दौरान उन्हें बाहर से तोड़फोड़ करने की आवाज सुनाई दी।
जब वह तथा उसके परिवार के सदस्य मेन गेट की तरफ देखने के लिए गए तो हाथों में हथियार लिए हुए कुछ युवक उनके घर में दाखिल हो गए। आरोप लगाया कि हमलावर उन पर हमला करने लगे, जिस पर एक डंडा सिर पर आकर लगा। इस दौरान घर पर मौजूद मीना कपूर ने शोर मचाया तो हमलावरों ने मीना कपूर तथा उसकी बहू पर भी जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें मीना कपूर को चोटें आई।
पुलिस ने मौके का मुआयना कर मामले की पूरी जानकारी लेकर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। इसके बाद भी पूरे मामले का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस ने पांच-छह अज्ञात युवकों के खिलाफ मारपीट करने, तोड़फोड़ करने समेत विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।
- जगबीर सिंह, शहर थाना प्रभारी, जींद