बापूधाम कालोनी के पार्षद नरेश कुमार के बुजुर्ग मामा-मामी पर कालोनी के ही तीन युवकों ने तेजधार हथियारों से हमला कर घायल कर दिया। पड़ोस केलोगों ने घायलों को जीएमएसएच 16 अस्पताल में भर्ती कराया, जहां दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बसपा पार्षद नेरश कुमार के मामा हुकुमचंद (72) और मामी सावित्री देवी (62) सेक्टर 26 बापूधाम कालोनी में रहते हैं। वीरवार रात करीब 11 बजे उनके घर में घुस कर मोहल्ले के ही युवकों छोटू, प्रमोद और टीटू ने हमला कर घायल कर दिया और फरार हो गए। घायल हुकुमचंद ने बताया कि बदमाश उनके घर का दरवाजा तोड़ कर भीतर घुसे। जब जान बचाने के लिए उन्होंने बाथरूम में छुपने की कोशिश की तो वे उनको वहां से खींच लाए और चाकुओं व किरपाण से हमला कर दिया।
जब बीच बचाव करने पत्नी आई तो हमलावरों ने उस पर भी हमला कर बुरी तरह घायल कर दिया। महिला के हाथ व पेट में गहरी चोटें आई हैं। जबकि हुकुम चंद के हाथ, पैर व पेट में तेजधार हथियारों से चोट के निशान हैं। घायल बुजुर्ग दंपति को पड़ोसियों ने जीएमएसएच - 16 में भर्ती कराया।
पीड़ितों का कहना है कि पास में स्थित धर्मशाला के प्रधान पद पर विवाद था जिसके चलते उन पर हमला किया गया है। पीड़ितों ने मोहल्ले के रहने वाले पर हमले का आरोप लगाया है। पीड़ितों के बयानों के आधार पर बापूधाम पुलिस चौकी ने तीनों युवकों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
इस बीच बसपा पार्षद नरेश कुमार ने कहा कि शहर में अपने घरों में सीनियर सिटीजन भी सुरक्षित नही हैं। उन्होंने पुलिस से मिलकर सीनियर सिटीजन की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की।
युवक को चाकुओं से गोदा
इलाके में एक अन्य घटना में एक युवक को चार युवकों ने चाकुओं से गोद कर गंभीर रूप से घायल कर दिया है। पीड़ित युवक अश्वनी उर्फ रॉकी (25) पर वीरवार देर रात उसके घर के पास ही हमला हुआ। वारदात की सूचना पा कर मौके पर पहुंची पीसीआर घायल को जीएमएसच -16 लेकर गई। जहां उसकी गंभीर हालात देखते हुए डाक्टरों ने उसको पीजीआई रेफर कर दिया। पुलिस ने रोमी, रिशी और रवि के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।