चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने पुराने सेक्टरों में स्टिल्ट प्लस फोर को मंजूरी देने के फैसले का विरोध तेज हो गया है। हुडा सेक्टर एसोसिएशन के बाद अब विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने सीएम नायब सिंह सैनी को पत्र भेज स्टिल्ट प्लस फोर योजना को नए व निर्माणाधीन सेक्टरों में लागू करने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा है कि पुराने सेक्टर्स खासकर पंचकूला में इस योजना की मंजूरी के बाद शहर का स्वरूप और मास्टर प्लान बिगड़ जाएगा। लोगों का रहन-सहन भी प्रभावित हो जाएगा। उन्होंने कहा उनके पास पंचकूला के विभिन्न एसोसिएशन के पांच हजार लोगों ने हस्ताक्षरयुक्त आपत्ति दर्ज करवाई हैं।
सीएम को लिखे पत्र में गुप्ता ने कहा कि स्टिल्ट प्लस फोर की मंजूरी मिलने के बाद पंचकूला की विभिन्न रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन और संघर्ष समिति जिसकी नुमाइंदगी पूर्व सेनाध्यक्ष वीपी मलिक, रिटायर्ड अफसर और सीनियर सिटीजन कर रहे, सरकार के इस फैसले से काफी नाराज है। उन्होंने उल्लेख किया कि बड़ी बिल्डिंग की वजह से लोग आसानी से लोग तांक-झांक कर सकेंगे। निवासियों के घनत्व में वृद्धि से शहर में मौजूदा बुनियादी ढाचे जैसे पानी की आपूर्ति, सड़क, जल निकासी सीवरेज और बिजली पर अत्यधिक दबाव बनेगा। स्टिल्ट प्ल्स फोर के निर्माण के बाद पार्किंग स्थल का इस्तेमाल व्यवसायिक गतिविधियों जैसे जिम व होटल के लिए किया जा रहा है। इससे पार्किंग की समस्या की जस की तस बनी हुई है। उन्होंने सीएम से अनुरोध किया कि लोगों की समस्या को ध्यान में रखते हुए इसे नए सेक्टरों में ही लागू करें।