सुखना लेक पर झूला झूलने को लेकर हुए विवाद के बाद मौके पर पहुंचे हेड कांस्टेबल और महिला कांस्टेबल से मारपीट के आरोप में पुलिस ने भाई-बहन को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी युवक की मेडिकल में शराब पीये होने की पुष्टि भी हुई है।
सेक्टर-3 थाना प्रभारी पूनम दिलावरी ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान डड्डूमाजरा निवासी बलजिंदर सिंह और उसकी बहन अंजली के रूप में हुई है। घटना शुक्रवार शाम करीब 5 बजे की है। आरोपी अपनी पत्नी और बहन अंजली के साथ सुखना लेक पर घूमने आया था। इस बीच उन्होंने झूले की एक राइड बुक करवाई, लेकिन एक बार झूलने के बाद भाई-बहन एक राइड फ्री देने की जिद करने लगे। झूले वाले के इनकार करने पर उससे बहस होने लगी। बात बढ़ती देख झूले वाले ने मामले की जानकारी सुखना लेक चौकी पर दे दी। इसके बाद पुलिस के 2 कांस्टेबल मौके पर पहुंचे और उन्होंने वहां से तीनों को समझाकर बुझाकर हटा दिया।
इसके बाद बलजिंदर सिंह लेक पार्किंग में पुलिसकर्मियों के सामने सार्वजनिक स्थान पर लघुशंका करने लगा। पुलिसकर्मी दोबारा समझाने लगे लेकिन बलजिंदर उनसे हाथापाई करने लगा और हेड कांस्टेबल की वर्दी फाड़ दी। युवती को काबू करने के लिए जब लेक चौकी से महिला कांस्टेबल पहुंची तो उससे भी दोनों ने हाथापाई की। इस पर पुलिस ने अन्य पुलिसकर्मियों की मदद से दोनों को काबू कर लिया।
अंजली को शुक्रवार देर शाम ही ड्यूटी मजिस्ट्रेट के सामने पेश कर दिया था, जहां से युवती को 4 तारीख तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। जबकि आरोपी बलजिंदर सिंह को शनिवार शाम को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया। उसको भी 4 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।