अस्मिता गर्ग ने ‘मिसेज चंडीगढ़ ए वूमेन ऑफ सब्सटेंस’ के दूसरे संस्करण को जीत लिया है। नेहा छाबड़ा फर्स्ट रनरअप रहीं जबकि विजेता दीक्षित सेकेंड रनरअप का ताज जीता। इसका आयोजन पार्क प्लाजा जीरकपुर में किया गया। श्रेणी 2 (40 वर्ष से ज्यादा आयु) का खिताब अर्पणा सगोत्रा के नाम रहा। इस प्रतियोगिता के ग्रैंड फिनाले में 28 गर्ल्स ने रैंप पर दर्शकों का दिल जीता।
इस मौके पर निणार्यक जसबीर जस्सी के साथ रजनीश बंसल, अरविंद सिंगला, पेजेंट ग्रूमर रीता गंगवानी आरजे गीत निर्णायक मंडल में शामिल थीं। इस कार्यक्रम में मोहाली के एसएसपी कुलदीप सिंह चहल कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे। ताज जीतने के बाद अस्मिता गर्ग काफी खुश हैं। उन्होंने कहा, यह मेरे लिए ख्वाब को सच करने जैसा है। इस उपलब्धि की खुशी बया कर पाना मुश्किल है।
इस कार्यक्रम का आयोजन बाम्बशेल क्रिएशंस की एमडी नेहा जुल्का अरोड़ा ने किया। नेहा ने 2016 में मिसेज पंजाब प्राइड ऑफ नेशन का खिताब जीता था। नेहा जुल्का अरोड़ा ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य सौंदर्य, फैशन और अभिनय के क्षेत्र में नाम कमाने की इच्छुक विवाहित महिलाओं को एक मंच प्रदान करना था। आमतौर पर शादी करने के बाद महिलाएं घर या नौकरी में व्यस्त होने के कारण अपने दिल का काम करने के लिए समय नहीं निकाल पाती हैं।
पेजेंट का उद्देश्य विवाहित महिलाओं को सशक्त बनाना और उन्हें आत्मविश्वास और जज्बा प्रदान करना था।
ग्रैंड फिनाले में 28 फाइनलिस्ट प्रतियोगियों को इस प्रतिष्ठित खिताब के लिए तीन राउंड से गुजरना पड़ा। पहला राउंड परिचय और पारंपरिक आउट फिट्स, दूसरा वेस्टर्न कैजुअल आउट फिट्स में कैटवॉक करने का था। इस ग्लैमरस इवेंट का समापन राउंड सवाल-जवाब और ईवनिंग पार्टी गाउन का रहा। इसके साथ ही यहां मिसेज सेल्फ बिलीवर नामक एक सब-टाइटल, एक ऐसी महिला को दिया गया जो खुद पर विश्वास करती है।
इस मौके पर प्रसिद्ध पंजाबी सिंगर जसबीर जस्सी ने कहा कि यह विवाहित महिलाओं के लिए एक शानदार मंच है। इच्छुक महिलाएं अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकती हैं। मैं इस शो के आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई देता हूं।