चंडीगढ़। सेक्टर-39 थाने में तैनात एएसआई हितेश कुमार को रिश्वत लेने के मामले में गिरफ्तार करने के बाद सीबीआई ने रविवार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया। अदालत ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए बुड़ैल जेल भेजने के आदेश दिए।
सीबीआई ने एएसआई को शनिवार शाम 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। जांच के अनुसार जनवरी 2026 में एक सड़क हादसे के बाद शिकायतकर्ता का वाहन पुलिस ने कब्जे में लिया था। आरोप है कि वाहन को रिलीज करने के बदले एएसआई ने 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। बाद में दोनों पक्षों के बीच 40 हजार रुपये में सौदा तय हुआ।
शिकायत मिलने पर सीबीआई ने मामले का सत्यापन कर जाल बिछाया। तय योजना के तहत शिकायतकर्ता को रिश्वत की रकम लेकर आरोपी के पास भेजा गया। जैसे ही एएसआई ने पैसे लिए, सीबीआई टीम ने मौके पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से रिश्वत की पूरी रकम भी बरामद कर ली गई। मामले की जांच जारी है। संवाद