दिव्य ज्योति जागृति संस्थान नूरमहल जालंधर प्रमुख महेश कुमार झा उर्फ आशुतोष महाराज का बेटा होने का दावा कर रहे दिलीप झा ने हाईकोर्ट में एक अर्जी दाखिल कर खुद की डीएनए टेस्ट कराने की मांग की थी।
उन्होंने याचिका में कहा था कि डीएनए से सब कुछ साफ हो जाएगा। यदि टेस्ट नहीं हुआ तो वह आशुतोष महाराज का शरीर हासिल करने के अपने हक से महरूम रह जाएंगे। एडवोकेट एसपी सोही के माध्यम से दायर याचिका पर शुक्रवार को सुनवाई होने की संभावना है।
इसमें कहा गया है कि अदालतों के कई फैसलों में स्पष्ट कहा गया है कि किसी व्यक्ति के उसके पिता से संबंध साबित करने के लिए सबसे विश्वसनीय माध्यम डीएनए टेस्ट है। दिलीप का कहना है कि वह खुद इस टेस्ट की मांग कर रहे हैं और इससे सही जांच हो सकेगी कि वह आशुतोष महाराज का बेटा हैं या नहीं।