जालंधर। कांग्रेस नेता व पूर्व मंत्री भारत भूषण आशु की 14 दिनों की न्यायिक हिरासत और बढ़ा दी गई है। शुक्रवार को उनको कड़ी सुरक्षा में अदालत में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उनको दोबारा 14 दिन के न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। अब उनके मामले में 5 सितंबर को अगली सुनवाई होगी।
आशु को लेबर ट्रांसपोर्टेशन टेंडर घोटाले में गिरफ्तार किया गया था। ईडी को काफी सबूत मिले थे कि घोटाले की रकम को व्हाइट करवाकर अपने रिश्तेदारों के खाते में डाले गए। नकली नंबर प्लेट लगाकर माल की ढुलाई करते थे। वहीं, आरोपियों ने टेंडर लेने से पहले विभाग में गलत वाहनों के नंबर लिखवा दिए। जांच के दौरान पता चला कि जो नंबर लिखवाए थे, वह स्कूटर, बाइक आदि टू-व्हीलर के थे। जिन वाहनों के ये नंबर हैं, वह माल ढोने के लिए मान्य ही नहीं हैं। मामला धन शोधन का होने के कारण ईडी ने इसमें जांच की और पुख्ता सबूत मिलने के बाद 1 अगस्त को आशु को गिरफ्तार किया था। 10 दिन का रिमांड खत्म होने के बाद वह 14 दिन की न्यायिक हिरासत में थे। शुक्रवार को उन्हें दोबारा कोर्ट में पेश किया गया था।