देश में इस वक्त सबसे बड़े बहस यानी ट्रिपल तलाक के बीच अब अशोक खेमका की एंट्री हो गई है। IAS अफसर अशोक खेमका ने इस मुद्दे पर ट्वीट कर कपिल सिब्बल को निशाने पर लिया है।
ज्वलंत और विवादित मुद्दों पर अक्सर ट्वीट कर सुर्खियां बटोरने वाले हरियाणा के सीनियर आइएएस अधिकारी डा. अशोक खेमका अब तीन तलाक के मुद्दे में कूद पड़े हैं। तीन तलाक के मामले पर देशभर में विवाद छिड़ा हुआ है। अशोक खेमका ने ट्वीट कर भगवान राम के जन्मस्थान की तुलना तीन तलाक से करने पर सवाल उठाए हैं। यह तुलना पूर्व केंद्रीय मंत्री कपिल सिब्बल ने की थी। खेमका ने उन्हें इसके लिए निशाने पर लिया है।
इस मामले पर सुप्रीम कोर्ट ने तीन तलाक पर हर रोज सुनवाई कर रहा है। इसकी सुनवाई जस्टिस खेहर की अगुवाई में पांच जजों की संवैधानिक पीठ कर रही है। कांग्रेस नेता एवं मशहूर वकील कपिल सिब्बल ऑल इंडिया पर्सनल लॉ बोर्ड के वकील हैं। कपिल सिब्बल ने तीन तलाक को आस्था का मामला बताया । जैसे मेरी आस्था है कि राम का जन्म अयोध्या में हुआ। अगर राम को लेकर आस्था पर सवाल नहीं उठाए जा सकते तो तीन तलाक पर क्यों?
कपिल सिब्बल के इस बयान की जहां सियासी गलियारों में चर्चा हो रही है, वहीं आइएएस अशोक खेमका ने ट्वीट कर सिब्बल पर निशाना साधा है। उन्होंने ट्वीट किया है कि प्रभु राम के जन्मस्थल की तुलना तीन तलाक से करना विकृत मानसिकता का परिचायक है। खेमका ने भगवान राम के जन्म संबंधी सिब्बल द्वारा दिए गए तर्क को खारिज किया और कहा कि पहला तर्क सत्य है और दूसरा तर्क स्त्री-शोषण व कुप्रथा का परिचायक है।