उदय योजना के बारे में बातचीत करते हुए आईएएस अशोक खेमका
- फोटो : अमर उजाला
हरियाणा के आईएएस अधिकारी अशोक खेमका ने प्रदेश में बिजली वितरण कंपनियों के कर्ज का बोझ कम करने के लिए लागू की गई ‘उदय’ योजना पर उंगली उठाई है। रविवार को ट्वीट कर खेमका ने कहा है कि चोरी करने वाले चोरी करते रहेंगे और टैक्स अदा करने वाले लोग टैक्स देते रहेंगे।
खेमका ने इस ट्वीट के जरिए संकेत दिए हैं कि उदय योजना लागू किए जाने के बाद भी न तो बिजली कंपनियों में भ्रष्टाचार खत्म होगा और न ही बिजली उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी। प्रदेश सरकार ने बिजली वितरण कंपनियों के कर्ज का बोझ खुद उठाने का फैसला किया है।
उदय योजना के तहत प्रदेश सरकार यह कर्ज कर्जदाता बैंकों व एजेंसियों को किस्तों में अदा करेगी। सरकार इतनी रकम किस मद से चुकाएगी, यह अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन अशोक खेमका के ट्वीट ने यह सवाल उठाने का प्रयास किया है कि सरकार बिजली कंपनियों के कर्ज का बोझ तो उठा लेगी, लेकिन बिजली कंपनियों के नुकसान, बिजली चोरी व अन्य भ्रष्टाचार से कंपनियों को कैसे उबारा जाएगा, यह उदय योजना में शामिल नहीं है।