चंडीगढ़। बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान की सुरक्षा में तैनात शेरा की पार्टी में सेक्टर-37 में करोड़ों की कोठी कब्जाने के मामले में आरोपी अशोक अरोड़ा के शामिल होने की फोटो सामने आई है।
पिछले सप्ताह शेरा ने शिमला में पार्टी आयोजित की थी, इसमें पंजाबी गायकों समेत कई अन्य हस्तियां शामिल हुई थीं। इनमें सेक्टर-37 में करोड़ों की कोठी कब्जाने के मामले में आरोपी अशोक अरोड़ा भी शामिल था। बता दें कि कोठी प्रकरण में बीते 2 मार्च को एफआईआर दर्ज होने के बाद से आरोपी अशोक अरोड़ा फरार चल रहा है। अशोक अरोड़ा शराब कारोबारी अरविंद सिंगला का प्रापर्टी डीलर है। उसके खिलाफ आरोप है कि उसने अरविंद सिंगला को आरोपियों से मिलवाकर कोठी खरीदने का लालच दिया था।
शेरा की पार्टी की फोटो इंस्टाग्राम पर शेयर की गई है। इस फोटो में कई लोग शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, अशोक अरोड़ा की तलाश की जा रही है, लेकिन एफआईआर दर्ज होने के बाद से कोई सुराग नहीं लग सका है। बता दें कि दिसंबर 2020 में सेक्टर-37 के कोठी नंबर 340 के किराएदार प्रदीप रतन ने पुलिस को शिकायत दी थी कि वह जिस कोठी में किराएदार है, उसे कुछ लोग कब्जाने की कोशिश कर रहे हैं। कोठी के मालिक राहुल मेहता को प्रताड़ित कर उसे गायब करवा दिया गया है। शिकायत पर पुलिस विभाग ने एसआईटी गठित की और जांच के बाद बीतेे दो मार्च को कोठी को कब्जाने के मामले में पत्रकार संजीव महाजन, शराब कारोबारी अरविंद सिंगला, प्रापर्टी डीलर अशोक अरोड़ा, कोठी खरीदार सौरव गुप्ता, मनीष गुप्ता समेत अन्य पर मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद एसआईटी ने आरोपी संजीव महाजन, इंस्पेक्टर राजदीप सिंह, मनीष और सतपाल डागर को गिरफ्तार किया था, जबकि गुरप्रीत (नकली राहुल मेहता), अरविंद सिंगला और खलिंदर सिंह कादियान ने जिला अदालत में आत्मसमर्पण किया था। वहीं, इस मामले में अशोक अरोड़ा, सौरभ गुप्ता समेत अन्य की तलाश है।