सीएम मनोहर लाल ने कहा कि केजरीवाल के गठबंधन के प्रस्ताव से भाजपा को कोई खतरा नहीं है। देश सुरक्षित हाथों में है। देश की सुरक्षा खतरा में डालने वालों को भाजपा जवाब देने में सक्षम है। लोकसभा सीटों पर प्रत्याशी तय करने को लेकर कार्यकर्ताओं से मंथन करेंगे। जल्द सीटों की घोषणा हो जाएगी। कार्यकर्ता पूरी तरह से तैयार हैं। चुनावी कार्यक्रम जल्दी तय कर देंगे।
कांग्रेस के साथ गठबंधन की न सोची, ना सोचेंगे : बांगड़
जननायक जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव डॉ केसी बांगड़ ने कहा कि जेजेपी हरियाणा में सभी सीटों पर अकेले मजबूती से चुनाव लड़ने में सक्षम है। न तो कभी कांग्रेस के साथ गठबंधन की किसी संभावना पर विचार किया और न ही आगे करेगी। जेजेपी ऐसे किसी गठबंधन का हिस्सा नहीं बनेगी जिसमें कांग्रेस शामिल हो।
उन्होंने बताया कि अब तक गठबंधन को लेकर जितनी बातचीत किसी राजनीतिक दल से हुई हैं, उसमें भी जेजेपी ने कांग्रेस को लेकर कोई चर्चा कभी नहीं की। हम समान विचारधारा वाले किसी दल से गठबंधन पर विचार कर सकते हैं और कांग्रेस के साथ हमारी विचारधारा कतई नहीं मिलती।
कांग्रेस को नहीं जेजेपी या आप से गठबंधन की जरूरत : तंवर
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर का कहना है कि कांग्रेस हरियाणा में अपने दम पर 10 की 10 सीटें जीतेगी। आप या जेजेपी से किसी प्रकार के गठबंधन की आवश्यकता नहीं है। गठबंधन को लेकर आम आदमी पार्टी की दिल्ली में भी महत्वाकांक्षा दिखी है। कांग्रेस अपने बूते हरियाणा व दिल्ली में सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का कहना है कि जजपा कौन सी पार्टी है, उसका तो कोई अस्तित्व ही नहीं है। कांग्रेस अपने आप में सक्षम है। राष्ट्रीय स्तर पर गठबंधन की बात हो तो अलग है लेकिन हरियाणा की बात करें तो जजपा तो कोई पार्टी ही नहीं है। जहां तक केजरीवाल की बात है, हरियाणा को लेकर उसके पास कुछ नहीं है।
कांग्रेस के साथ राजनीति या किसी भी तरह का मंच साझा नहीं कर सकते। चुनाव तो दूर की बात है। केजरीवाल का हम सम्मान करते हैं। जहां तक चौधरी देवीलाल की राजनीतिक विचारधारा की बात है, देश में गैर कांग्रेसवाद के संस्थापक रहे हैं। जयप्रकाश नारायण के आंदोलन के साथ जुड़कर उन्होंने कांग्रेस के खिलाफ मोर्चाबंदी की। कांग्रेस के साथ तो आज क्या, भविष्य में भी नहीं जाएंगे। -दिग्विजय सिंह चौटाला, राष्ट्रीय अध्यक्ष, इनसो।