चंडीगढ़ में 30 मई को चुनाव प्रचार थम जाएगा। आखिरी दिनों में प्रचार करने के लिए कई राष्ट्रीय नेताओं का चंडीगढ़ पहुंचना जारी है। बुधवार को अरविंद केजरीवाल, पीयूष गोयल, अनुराग ठाकुर, कपिल सिब्बल चंडीगढ़ पहुंचेंगे और पार्टी के प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार करेंगे।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज चंडीगढ़ सेक्टर-26 स्थित बापूधाम में एक रोड शो करेंगे और गठबंधन के प्रत्याशी मनीष तिवारी के लिए वोट मांगेंगे। यह रोड शो शाम 7:00 बजे निकाला जाएगा। केजरीवाल पहले भी कई बार चंडीगढ़ आ चुके हैं लेकिन दिल्ली शराब घोटाले में जेल में जाने और फिर जमानत पर वापस आने के बाद वह पहली बार चंडीगढ़ में पहुंच रहे हैं। इसलिए आप कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह है। रोड शो बापूधाम में निकाला जा रहा है लेकिन इसमें पूरे चंडीगढ़ से कार्यकर्ता एकत्रित होंगे।
विज्ञापन
कई दिग्गज रहेंगे चंडीगढ़ में
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल एक प्रेस कांफ्रेंस करेंगे और सेक्टर-40 के रामलीला मैदान में शाम 6 बजे केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर एक जनसभा को संबोधित करेंगे। ठाकुर भाजपा के प्रत्याशी संजय टंडन के पक्ष में वोट मांगेंगे। राज्यसभा सांसद और सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन के प्रेसिडेंट कपिल सिब्बल मनीष तिवारी के पक्ष में प्रचार करने के लिए चंडीगढ़ पहुंचेंगे। वह पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट के न्यू बार कांप्लेक्स के बार रूम में सभी वकीलों से मुलाकात करेंगे।