आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल पंजाब दौरे के दूसरे दिन आज अमृतसर में टाउन हॉल मीटिंग करेंगे। इसके बाद जालंधर और लुधियाना में वे रोड शो निकालेंगे।
केजरीवाल इन दिनों पंजाब दौरे पर हैं। रविवार को वे फिरोजपुर में थे। उन्होंने कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आपको बिचौलिया कहते हैं। हम आपको अपनी अर्थव्यवस्था की रीढ़ की हड्डी मानते हैं। हमारे मन में आपके लिए बहुत सम्मान है। जिस तरह देश के विकास के लिए किसान और मजदूर महत्वपूर्ण हैं, उसी तरह व्यापारी, कारोबारी और उद्योगपति भी महत्वपूर्ण हैं।
उन्होंने कहा कि पंजाब के और तेजी से विकास के लिए मुझे आपके समर्थन की जरूरत है। आपसे विनती है कि हमारे हाथ मजबूत करें। अगर केंद्र में हमारी ताकत बढ़ेगी तो कोई भी पंजाब का फंड नहीं रोक पाएगा। राज्यपाल भी पंजाब का कोई बिल नहीं रोक सकेंगे। अभी केंद्र सरकार ने पंजाब के करीब साढ़े आठ हजार करोड़ रुपये रोक रखी हैं। ऐसा इसलिए हो रहा है क्योंकि लोकसभा में हम कमजोर हैं। हमारी सरकार बनने से पहले पंजाब में इंडस्ट्री की बहुत बुरी हालत थी। 75 साल से पंजाब की इंडस्ट्री परिवारवाद का शिकार थी। व्यापारी राज्य छोड़कर राजस्थान, मध्यप्रदेश गुजरात जैसे बाहर के राज्यों में जा रहे थे, लेकिन पिछले दो साल से इंडस्ट्री का राज्य छोड़कर जाने का सिलसिला खत्म हुआ है और आने का शुरू हुआ है।
केजरीवाल ने कहा कि केंद्र सरकार पंजाब को परेशान कर रही है। पंजाब की ओडिशा में एक कोल माइन है। जब हमने वहां से कोयला लाना शुरू किया तो केंद्र सरकार ने कहा कि श्रीलंका और गुजरात होकर अपना कोयला पंजाब लाओ। जब मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इसका विरोध किया तब केंद्र सरकार ने कोयला लाने के लिए एक डायरेक्ट ट्रेन दी। केजरीवाल ने कहा कि पंजाब के लोगों का आजादी की लड़ाई में सबसे बड़ा योगदान रहा है।