दिल्ली मुख्यमंत्री व आम आदमी पार्टी के कनवीनर अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को कहा कि प्रदेश की अकाली-भाजपा गठबंधन सरकार ने पिछले 10 वर्षों तक पंजाब पर राज किया है। सरकार ने लोगों के साथ किए वादों में एक भी पूरा नहीं किया। इससे लोग काफी निराश हैं। केजरीवाल दीनानगर क्षेत्र के प्रत्याशी जोगिंदर सिंह छीना में रोड शो करने के बाद कस्बा दोरांगला में लोगों को संबोधित कर रहे थे।
केजरीवाल ने कहा कि लोग जानते है कि उनका भविष्य आम आदमी पार्टी के हाथों ही सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि आप की सरकार बनने पर लोगों की बुनियादी सुविधाओं को पहल के आधार पर हल किया जाएगा और जिन क्षेत्रों में कई वर्षों से विकास नहीं हुआ है, वहां विकास कराकर लोगों को सुविधाएं प्रदान की जाएगी।
केजरीवाल ने कहा कि अकाली-भाजपा सरकार की नीतियों से हरेक वर्ग दुखी है। उन्होंने कहा गांव दोरांगला में सेहत डिस्पेंसरी खोलने के अलावा पंजाब को एक माह के अंदर भ्रष्टाचार मुक्त किया जाएगा। सरकारी स्कूलों की दशा बदल दी जाएगी ताकि बच्चों की शिक्षा का स्तर और ऊंचा हो सके। इस मौके पर जसराज जस्सी, सिमरनजीत कौर, हरविंदर पाल, बलदेव सिंह, गुरपाल सिंह, सुच्चा सिंह, लखविंदर सिंह, सुखविंदर सिंह सुखी, निर्मल सिंह उपस्थित थे।