चंडीगढ़। चंडीगढ़ प्रशासन के संस्कृति विभाग और चंडीगढ़ ललित कला अकादमी की ओर से सेक्टर-16 स्थित पंजाब कला भवन में वार्षिक कला प्रदर्शनी 2025-26 का शुभारंभ बुधवार को पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने किया। इस अवसर पर संस्कृति सचिव डॉ. सैयद आबिद रशीद शाह भी मौजूद रहे। प्रदर्शनी में ट्राइसिटी के कलाकारों की 136 कलाकृतियां प्रदर्शित की गई हैं। प्रोफेशनल वर्ग में खुशबू रघुवंशी, दानिश खान और बिबेकानंद कापरी को 50-50 हजार रुपये, जबकि छात्र वर्ग में अजय कुमार, अश्वनी कुमार, ईशा, इष्टा मंडल और रवि राव को 25-25 हजार रुपये के पुरस्कार दिए गए। छात्र वर्ग में वीरप्रताप सिंह को स्पेशल जूरी अवॉर्ड तथा वरिष्ठ कलाकार सुरिंदर मोहन धामी, ईश्वर दयाल, गुरमीत गोल्डी और सुभाष शौरी को अमृता शेरगिल सम्मान से सम्मानित किया गया। करण शर्मा और नव्या धीमान की कलाकृतियां विशेष आकर्षण रहीं। प्रदर्शनी 13 अगस्त तक आमजन के लिए खुली रहेगी।