चंडीगढ़। अपराध शाखा ने नगर निगम में फायरमैन भर्ती में अमन की जगह पर लिखित परीक्षा देने वाले जिला हिसार के गांव सरसोद निवासी प्रतीक उर्फ इल्लू (30) को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने यह परीक्षा पास भी कर ली थी। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
अपराध शाखा के अनुसार बीते 21 मई को शारीरिक परीक्षा के दौरान पंजाब यूनिवर्सिटी की ओर से जारी एडमिट कार्ड पर अमन, विक्रम व आनंद की तस्वीर मैच नहीं होने पर सेक्टर-26 थाने में शिकायत दी गई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था। जांच में सामने आया कि अमन का असली नाम विकास, विक्रम का असली नाम विजय और आनंद का असली नाम विनीत था। इसके चलते पुलिस ने तीनों को उसी समय गिरफ्तार कर लिया था। अमन ने पुलिस पूछताछ में खुलासा किया था कि बीते 17 अक्तूबर को लिखित परीक्षा में प्रतीक उर्फ इल्लू ने उसका एग्जाम दिया था, जो वह पास भी कर चुका था।
मामला दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार था। हालांकि उसने अदालत में अग्रिम जमानत याचिका भी लगाई थी, जो खारिज हो गई थी। क्राइम ब्रांच ने टेक्निकल सेल की मदद से 8 दिसंबर को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि उससे पूछताछ की जा रही है और पता लगाया जा रहा है कि इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं।