वास्तविक नियंत्रण रेखा के पास (एलएसी) पेट्रोलिंग करता हुआ सेना का एक लांस हवलदार प्रकाश राला सतलुज नदी में गिर गया है। सेना ने जवान की तलाश के लिए 200 जवानों की टीम को नदी के अलग-अलग भागों में भेजा है। इस क्षेत्र में जवान की तलाश के लिए आईटीबीपी, सीमा सड़क संगठन और करचम डैम अथॉरिटी से भी मदद के लिए समन्वय स्थापित किया जा रहा है।
दरअसल, एक पेट्रोलिंग पार्टी किन्नौर जिले के अंतर्गत एलएसी पर तैनात थी। लांस हवलदार प्रकाश इसी पेट्रोलिंग पार्टी का हिस्सा थे। जब यह पेट्रोलिंग पार्टी सतलुज नदी को पार कर रही थी तभी अचानक प्रकाश राला का पैर फिसल गया और वह नदी के बहाव में ही बह गए। प्रकाश वेस्टर्न कमांड के अधीनस्थ ट्राईपिक ब्रिगेड का जवान है।
इसकी सूचना वेस्टर्न कमांड के आला अफसरों को दे दी गई है। अफसरों के निर्देश पर प्रकाश की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई है। हालांकि 200 के करीब जवान प्रकाश की तलाश में जुटे हुए हैं लेकिन नदी में पानी का ऊंचा स्तर और भारी गाद समेत कई दिक्कतें तलाश टीमों के सामने आ रही हैं।
इस तलाश में हेलीकॉप्टर की एक टीम, गोताखोरों की स्पेशल टास्क फोर्स और इंजीनियर टास्क फोर्स भी इस रेस्क्यू ऑपरेशन में अपना सहयोग दे रही है। मगर अभी तक प्रकाश का कोई सुराग नहीं मिला है।