माई सिटी रिपोर्टर
चंडीगढ़। नगर निगम में शुक्रवार को पर्यावरण व शहर सौंदर्यीकरण समिति की बैठक आयोजित हुई। इस दौरान सदस्यों ने बागवानी का कचरा हटाने के लिए 10 ट्रैक्टर-ट्रॉली खरीदने की मंजूरी दे दी। वहीं सदस्यों ने अधिकारियों को दो साल में हुई कार्रवाई की रिपोर्ट तैयार अगली बैठक में पेश करने को कहा।
पार्षद हरदीप सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में पार्कों और ग्रीन बेल्ट के उचित रखरखाव के लिए कहा गया। समिति ने रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा बेहतर तरीके से पार्कों के रखरखाव शुल्क को बढ़ाने के लिए एक एजेंडा तैयार करने को कहा। साथ ही इसे अगली सदन की बैठक में लाने को कहा। इंजीनियर विभाग को पूरे शहर में बिजली के तारों के पास पेड़ों की छंटाई के बाद बागवानी के अपशिष्ट को तत्काल हटाने के लिए कहा गया। इसके लिए बिजली विभाग को भी पत्र लिखने के लिए कहा। इस मौके पर पार्षद रविकांत शर्मा, राजेश कुमार, मनोनीत पार्षद ज्योत्सना विग, पार्षद राजेश गुप्ता और आशा जसवाल मौजूद रहे।