चंडीगढ़। पीयू और इसके क्षेत्रीय केंद्र में बैचलर ऑफ इंजीनियरिंग में दाखिले के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। कैंपस में यूआइईटी, डॉ. एसएसबीयूआइसीईटी और पीयू के क्षेत्रीय केंद्र पीयूएसएसजीआरसी होशियारपुर में इंजीनियरिंग के विभिन्न कोर्स उपलब्ध हैं। बैचलर इन इंजीनियरिंग (बीई) में दाखिले के लिए विद्यार्थियों को पंजाब यूनिवर्सिटी लेट्रल इंजीनियरिंग एंट्रेंस टेस्ट (पीयूएलईईटी) प्रवेश परीक्षा देनी होगी। दाखिले के लिए आवेदन प्रक्रिया एक मई से शुरू होकर चार जून तक चलेगी। पीयूएलईईटी का पेपर 22 जून को दोपहर 2 से 3:40 बजे तक होगा। बीई में कंप्यूटर साइंस, इन्फार्मेशन टेक्नोलॉजी, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन और मैकेनिकल इंजीनियरिंग संकाय हैं। कैंपस के यूआइईटी में बीई आईटी की कुल 139 सीटें, कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग की 139, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग के 154, बायोटेक्नोलॉजी के 107, इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग की 107 और मैकेनिकल इंजीनियरिंग की भी 107 सीटें हैं। इनमें एससी, एसटी, पीडब्ल्यूडी, ओबीसी, खेल, डिफेंस आदि कोटे की आरक्षित सीटें सम्मिलित हैं। डॉ. एसएसबीयूआइसीईटी में बीई (केमिकल) में 104 सीटें हैं और इसके अलावा 11 एडिशनल सीटें हैं। पांच साल के इंटिग्रेटिड बीई (केमिकल)-एमबीए की 46 और 10 एडिशनल सीटें हैं। बीई (फूड टेक) की कुल 35 और एडिशनल 11 सीटें हैं। पीयू के क्षेत्रीय केंद्र पीएसएसजीआरसी होशियारपुर के यूआइईटी के कंप्यूटर साइंस, आईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग और मैकेनिकल इंजीनियरिंग की 75-75 सीटें हैं।