चंडीगढ़ में ग्रीन पटाखों को बेचने के लिए डीसी ऑफिस में आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। सोमवार को पहले दिन डीसी ऑफिस में फॉर्म लेने वालों की काफी भीड़ रही। कई लोग प्रक्रिया की जानकारी लेने भी पहुंचे। विभाग को उम्मीद है कि 96 अस्थायी लाइसेंस के लिए इस बार 1800 के करीब आवेदन आएंगे।
डीसी ऑफिस की तरफ से जारी आदेश के अनुसार अस्थायी लाइसेंस के लिए लोग 12 अक्तूबर शाम 4 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। लाइसेंस के लिए आवेदन करते समय फार्म के साथ 500 रुपये फीस जमा करानी होगी। पहले दिन 23 आवेदन आए हैं। डीसी आफिस ने स्पष्ट कर दिया है कि वर्ष 2020 में पटाखे के लाइसेंस के लिए जिन लोगों ने फार्म के साथ फीस जमा की थी, उन्हें दोबारा पैसे नहीं देने पड़ेंगे।
चंडीगढ़ क्रैकर्स एसोसिएशन के चिराग अग्रवाल ने कहा कि डीसी ऑफिस में 1650 लोगों के दस्तावेज और रुपये जमा हैं। जिन लोगों के दस्तावेज पहले से जमा है, उन लोगों से दोबारा क्यों मांगे जा रहे हैं। इससे लोगों को काफी परेशानी हो रही है और डीसी ऑफिस में लाइन लग रही है। उन्होंने कहा कि सभी लोगों से पहले ही अंडरटेकिंग भी मांगी जा रही है, जबकि ये उन 96 लोगों से लिए जाने चाहिए जिनका ड्रॉ में नाम निकलेगा।
उन्होंने कहा कि दो साल पहले दस्तावेज जमा कराने वालों में से कुछ लोगों ने पता बदल लिया है, उन्हें भी बेवजह परेशान किया जा रहा है। बता दें कि 14 अक्तूबर को सुबह 10 बजे स्टेट ऑफिस की बिल्डिंग के पिछले हिस्से में ड्रा निकाला जाएगा।
सर्टिफाइड सर्टिफिकेट को लेकर भी सवाल
डीसी की तरफ से स्पष्ट किया गया है कि ग्रीन पटाखों के अस्थायी लाइसेंस के ड्रॉ में जिन लोगों का लाइसेंस निकलेगा उन्हें एक से दो दिन के अंदर सर्टिफाइड सर्टिफिकेट डीसी आफिस में जमा कराना होगा। यह सर्टिफिकेट लाइसेंसी को सीएसआईआर-नीरी से लेकर जमा कराना होगा। विक्रेताओं का कहना है वह कई थोक विक्रेताओं से पटाखे खरीदते हैं। वह सीएसआईआर-नीरी से सर्टिफिकेट कैसे हासिल कर पाएंगे।