चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी में वैसे तो पदों को लेकर खींचतान बहुत चलती है, लेकिन आईएएस सेंटर के निदेशक पद को लेकर कोई आवाज नहीं उठा रहा। फरवरी में शिक्षकों से आवेदन लिए गए, लेकिन अब तक किसी को इस पद पर तैनात नहीं किया गया। कुछ शिक्षकों का कहना है कि अफसरों को इसकी चिंता नहीं है, क्योंकि निदेशक का पद सुरक्षित है, जिसे चाहेंगे उसे मिल जाएगा। हालांकि निदेशक पद के लिए किसी न किसी प्रोफेसर का चयन तो होना चाहिए था।
पीयू के आईएएस सेंटर के जरिये प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करवाई जाती है। इस सेंटर से हर साल बड़े पदों पर कई छात्रों का चयन हुआ है। बेहतर संचालन होने के कारण यह सेंटर देश में भी छाया हुआ है। इसका संचालन निदेशक करता है। पूरी योजनाएं उन्हीं के जरिये बनती हैं, लेकिन पिछले कई माह से निदेशक का पद खाली है। जो इस पद पर तैनात थे उनका कार्यकाल पूरा हो गया है। उसके बाद फरवरी में शिक्षकों से इस पद के लिए आवेदन मांगे गए थे, लेकिन अब तक कोई तैनात नहीं किया गया। अब सवाल भी खड़े होने लगे हैं कि आखिर पीयू देरी क्यों कर रहा है।