बॉलीवुड के नामी कलाकार अनुपम खेर ने अपने फिल्मी अंदाज में लोगों को खूब हंसाया।
वे शाम को बापूधाम में एक जनसभा को संबोधित करने पहुंचे। उनके स्टेज पर आते ही लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। उन्होंने भी अपनी बातों से लोगों के खूब ठहाके लगाए।
मंच पर चढ़ते ही उन्होंने कहा कि वे चंडीगढ़ के दामाद हैं और दामाद की सेवा की जाती है। मेरी भी सेवा करनी है आपको। उनके इतना कहते ही हूटिंग शुरू हो गई।
खेर ने कहा कि वह सेवा में सिर्फ इतना चाहते हैं कि लोग किरण खेर को वोट देकर चंडीगढ़ से सांसद बनाएं। जनसभा के दौरान कार्यकर्ताओं ने उन्हें तलवार भेंट कर सम्मानित किया।
इस पर अनुपम बोले कि ये चंडीगढ़ की याद है और मुंबई अपने ऑफिस में इस तलवार को जरूर लगाऊंगा। वीरवार को अनुपम खेर ने शहर में अलग-अलग जगहों पर जाकर अपनी पत्नी किरण खेर के लिए वोट मांगे।
सुबह सेक्टर-48, 49, 50 और 51 में उन्होंने रोड शो किया। इसके बाद वे पंजाब यूनिवर्सिटी पहुंचे जहां उन्होंने स्टूडेंट्स के साथ मुलाकात की। शाम को उन्होंने सेक्टर-46,53,15 और 29 में भी जनसभाएं की।