चंडीगढ़। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने सीबीएसई प्रिंसिपल और अध्यापक पुरस्कार 2019 की घोषणा कर दी है। इस पुरस्कार के लिए सेक्टर-15 स्थित डीएवी मॉडल स्कूल की प्रिंसिपल अनुजा शर्मा को चुना गया है। वहीं शिक्षक वर्ग में सेक्टर-37बी स्थित गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के सोशल साइंस टीजीटी टीचर राम कुमार शर्मा को चुना गया है। बता दें कि यह पुरस्कार शिक्षा के क्षेत्र में विशेष योगदान देने के लिए दिया जाता है।
गौरतलब है कि पूरे देश में स्क्रूटनी के बाद 1800 अभ्यर्थियों में से महज 39 शिक्षकों का चयन किया गया है। इनमें 15 प्रिंसिपल और 24 शिक्षक हैं। इसमें सीबीएसई से जुड़े हुए केंद्रीय विद्यालय व अन्य विद्यालयों के शिक्षकों और प्रिंसिपलों को शामिल किया गया हैं।
अनुजा शर्मा ने हासिल की कई उपलब्धियां
नुजा शर्मा ने कई उपलब्धियां हासिल की है। अनुजा शर्मा 28 सालों से शिक्षा के क्षेत्र से जुड़ी हुई है। 20 सालों तक पंजाब के अलग-अलग जिलों के कॉलेज और स्कूल में टीचर और कोडिनेटर रही हैं। वहीं पिछले आठ सालों से डीएवी मॉडल स्कूल सेक्टर-15 में सेवाएं दे रही हैं। इसके अलावा अनुजा शर्मा अंतरराष्ट्रीय परीक्षा पीसा में विज्ञान विषय की कोडिनेटर है। यह परीक्षा वर्ष 2022 में होगी। इस परीक्षा में बैठने के लिए पूरे देश में से सिर्फ चंडीगढ़ के विद्यार्थियों को चुना गया है।