अंशुल मिश्रा ने श्जानदा शुरुआत की और मैच में बढ़त बनाई। उन्होंने तीसरे होल में पार स्कोर कर 1 अप की बढ़त हासिल की। इसके बाद वरुण मुतप्पा ने छठे होल में 30 फुट का शानदार पुट लगाकर बर्डी बनाई और स्कोर को ऑल कर दिया। मैच के 14 होल के बाद वरुण 2 अप की बढ़त पर थे लेकिन अंशुल मिश्रा ने शानदार वापसी करते हुए 16वें, 17वें और 18वें होल पर लगातार बर्डी बनाई और ब्रेक से पहले 1 अप की बढ़त ले ली।
दूसरे दौर में अंशुल ने अपनी स्थिरता बनाए रखते हुए अगले कुछ होल में अपनी बढ़त 5 अप तक पहुंचा दी। वरुण मुतप्पा ने 29वें और 30वें होल में पार स्कोर कर 3 डाउन तक वापसी की। 31वें होल पर वरुण के बर्डी बनाने की उम्मीद थी लेकिन अंशुल ने 100 गज की दूरी से शानदार अप एंड डाउन करते हुए होल को बराबरी पर समाप्त कर दिया।
आखिरकार अंशुल मिश्रा ने 33वें होल पर मैच 4 और 3 से जीतकर इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया। यह ऐतिहासिक जीत अंशुल मिश्रा के कॅरिअर में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने अपने शानदार खेल से सभी का दिल जीत लिया।