चंडीगढ़। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने डिजिटल अरेस्ट मामले में एक और साइबर ठग को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तार आरोपी राजस्थान के चूरू जिले का रहने वाला महेंद्र कुमार नायक (39) है। यह मामला चंडीगढ़ निवासी सुनीता की शिकायत पर दर्ज किया गया था। पीड़िता ने बताया था कि साइबर ठगों ने खुद को कूरियर कंपनी और नारकोटिक्स विभाग का अधिकारी बताकर उसे डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाया और सत्यापन व क्लियरेंस के नाम पर उससे 15 लाख रुपये अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर करवा लिए। जांच में सामने आया कि ठगी की रकम में से 10 लाख रुपये यूको बैंक के एक करंट अकाउंट में ट्रांसफर हुए थे, जो मंगलूना बायज हॉस्टल के नाम से दर्ज था और जिसका प्रोपराइटर महेंद्र कुमार नायक था। तकनीकी जांच में आरोपी से जुड़ा मोबाइल नंबर चूरू में सक्रिय मिला। पुलिस ने 11 दिसंबर को दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने खाता उपलब्ध कराने और हर लेनदेन पर 10 प्रतिशत कमीशन लेने की बात कबूली है। पुलिस मोबाइल की जांच कर रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।