लालड़ू। गांव धीरेमाजरा में डायरिया की चपेट में आने से सरकारी अस्पताल डेराबस्सी में उपचाराधीन तीन महीने के बच्चे को जीएमसीएच-32 रेफर किया गया है। गांव में पांचवें दिन भी सर्वे दौरान दो नए मरीज सामने आए हैं। अब गांव में डायरिया के मरीजों की संख्या 73 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम दिन रात गांव में डेरा डाले स्थिति पर नजर जमाए हुए हैं। बुधवार को तहसीलदार की निगरानी में फिर से सैंपल लिए जाएंगे। वहीं, दूसरी ओर स्वास्थ्य विभाग और रॉटल द्वारा सरकारी ट्यूबवेल के पानी के लिए गए नमूनों की रिपोर्ट का आपस में मिलान नहीं हुआ है। रॉटल उसी पानी के नमूनों को पास दिखा रहा है जबकि स्वास्थ्य विभाग उसी ट्यूबवेल के पानी के नमूने की रिपोर्ट फेल बता रहा है। इस कारण पांचवें दिन भी सरकारी ट्यूबवेल से पानी की सप्लाई को बहाल नहीं किया गया है। लोगों में पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है। बता दें कि डायरिया फैलने से गांव में पिछले दिनों दो मासूम बच्चों की मौत हो चुकी है।
स्वास्थ्य विभाग से गीता सैनी ने बताया कि डायरिया फैलने के पांचवें दिन मंगलवार को गांव में किए सर्वे दौरान दो नए केस सामने आए है। इनमें एक महिला व एक पुरुष हैं जबकि डेराबस्सी अस्पताल में उपचाराधीन एक तीन वर्षीय बच्चे दीपांशु को चंडीगढ़ के सरकारी अस्पताल सेक्टर-32 में रेफर किया गया है। डॉक्टरों की टीम 24 घंटे मरीजों पर नजर जमाए हुए हैं और ग्रामीणों को ओआरएस घोल के पैकेट दिए गए हैं और लोगों को पानी उबाल कर पीने को बोला गया है।
कोट्स...
रीजनल एडवांस वाटर टेस्टिंग लैबोरेटरी (रॉटल) की रिपोर्ट में ट्यूबवेल का वाटर सैंपल पास है। वहीं, सेहत विभाग द्वारा खरड़ की केमिकल लैब से तैयार कराई गई रिपोर्ट में इसे फेल करार दिया गया है। इस विरोधाभासी रिपोर्ट के चलते अब एसडीएम हिमांशु गुप्ता ने हस्तक्षेप किया है। -करमजीत सिंह, एसडीओ, वाटर सप्लाई एंड सैनिटेशन
कोट्स...
राटल व सेहत विभाग द्वारा लिए पानी के नमूनों की आई विरोधाभासी रिपोर्ट के चलते अभी ट्यूबवेल चालू नहीं किया जा सकता। अब सुबह डेराबस्सी तहसीलदार की देखरेख में वॉटर सप्लाई और सेहत विभाग के कर्मी ट्यूबवेल समेत अलग अलग जगहों से इकट्ठे एक ही स्थान से वाटर सैंपल्स के तीन सेट एकत्र करेंगे। रिपोर्ट सही आने पर ही ट्यूबवेल से सप्लाई चालू की जाएगी। गांव धीरेमाजरा के साथ लगते गांव जड़ौत में चेकिंग दौरान इसी प्रकार गलत तरीके से जोड़े गए 14 घरों के कनेक्शनों को काट दिया है। -हिमांशु गुप्ता, एसडीएम