चंडीगढ़। सेक्टर-3 थाना पुलिस ने डीवाई इमिग्रेशन कंपनी के खिलाफ धोखाधड़ी का एक और मामला दर्ज किया है। सेक्टर-9 में स्थित इस कंपनी पर मनीमाजरा एनआईसी निवासी जसप्रीत कौर ने 24 लाख 30 हजार रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कंपनी के डायरेक्टर गौरव शर्मा और अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
पुलिस के अनुसार गौरव शर्मा पहले से ही इमिग्रेशन फ्रॉड के एक अन्य मामले में गिरफ्तार है और बुडै़ल जेल में बंद है। 12 नवंबर को भी सेक्टर-3 थाना पुलिस ने लंदन भेजने के नाम पर 55 लाख रुपये की ठगी के आरोप में उसके खिलाफ केस दर्ज किया था। शिकायतकर्ता जसप्रीत कौर ने बताया कि उन्होंने इंस्टाग्राम पर कंपनी का विज्ञापन देखा था और यूके जाने की प्रक्रिया के लिए डीवाई इमिग्रेशन पहुंचीं। उन्होंने मूथूट फाइनेंस और रिश्तेदारों से पैसे जुटाकर आरोपियों को सौंपे लेकिन न तो वीजा मिला और न ही पैसे लौटाए गए।