चंडीगढ़। ग्लैमरस हीरोइन कैटरीना कैफ इस बार बिग बॉस में दिखाई दे सकती हैं। अगर वह इस शो में आती हैं तो इस शो का जबर्दस्त आकर्षण बढ़ सकता है। चंडीगढ़ संगीत नाटक अकादमी के कार्यक्रम में पहुंचे अनूप जलोटा ने यह खुलासा किया। उन्होंने कहा कि बिग बॉस में अबकी बार बॉलीवुड स्टार सलमान खान के साथ उनको होस्ट बनाने की बात भी सुनाई पड़ रही थी और कैटरीना कैफ के बिग बॉस शो में आने की बात भी की जा रही थी। उन्होंने कहा कि बिग बास में करोड़ों लोगों में सिर्फ 17 लोग प्रतिभागिता करते हैं, इसलिए उनको यह शो सबसे शानदार लगा। अनूप जलोटा ने कहा कि बिग बास एक रोचक शो है। इस शो के दौरान उनको राजा भी बनाया गया तो काफी अच्छा लगा। उन्होेंने कहा कि वास्तव में बिग बॉस में कोई जाता है तो उसको नेचुरल रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस शो में आपको सेलिब्रेटी और कॉमन मैन के बीच रहना होता है तो काफी कुछ सीखने को मिलता है। इसमें एक दूसरे की भावनाओं को भी समझाना चाहिए।
किशोर दा का गीत गा रहा था राजेश खन्ना डांस करने लगे
अनूप जलोटा ने कहा कि उनको किशोर कुमार के गीत काफी पसंद हैं और बचपन से ही उनकेगीत गाते थे। उन्होंने कहा कि किशोर कुमार के सामने भी उन्होंने उनके गीत गाए और उस समय किशोर दा बोलते थे कि क्या बात है। अनूप जलोटा ने कहा कि एक बार वह किशोर कुमार का गीत गा रहे थे तो राजेश खन्ना डांस करने लगे। क्या दिन थे वो.. हम लोगों के बीच में काफी अच्छा भाईचारा था।
तीन सौ बीस रुपये थी पहली पगार
अनूप जलोटा ने कहा कि वह फगवाड़ा के रहने वाले हैं और उन्होंने अपना सफर क्लासिकल से शुरू किया। उनकी पहली पगार तीस सौ बीस रुपये थी। उन्होंने कहा कि उनका गीत चांद अंगड़ाइयां ले रहा है काफी प्रसिद्ध हुआ। उसके बाद भजन संध्या एलबम आया और वह वे भजन गायक बन गए। लेकिन उन्होंने गीत, गजल सभी में हाथ आजमाएं। उन्होंने कहा कि हमेशा से उनका उद्देश्य एक स्टेज परफार्मर बनने का था।
अनुशासन ही आगे ले जाएगा
अनूप जलोटा ने कहा कि अनुशासन ही आपको आगे ले जाएगा। हमेशा सही खाना पीना और उठना बैठना आपको बेहतर बनाती है। उन्होंने कहा कि उनका कभी भी किसी से कांप्टीशन नहीं रहा। उनका पहनावा एकदम साधारण है, सुबह के वक्त व्हाइट शर्ट, नेहरू जैकेट और जींस पहनते हैं। कार्यक्रम के दौरान धोती और कुर्ता पहनते हैं।
अमिताभ के बाद अक्षय शानदार एक्टर
मुझको एक्शन पैक्ड फिल्में अच्छी लगती हैं। मैं अमिताभ बच्चन की शोले कई बार देख चुका हूं। इसके साथ ही मैंने बेबी देखी। मुझको ऐसा लगता है कि अमिताभ बच्चन के बाद यदि कोई एक्टर शानदार है और एक बड़ा मुकाम हासिल करने वाला है तो वह हैं अक्षय कुमार। उनका जीवन अनुशासन से भरा है। साथ ही मैं उनके देशप्रेम का कायल हूं। वह हमेशा हर किसी की सहायता के लिए आगे आते हैं।