दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा हरियाणा के अस्पतालों और शिक्षा संस्थानों का दौरा करने की बात पर पलटवार करते हुए हरियाणा के स्वास्थ्य एवं खेल मंत्री अनिल विज ने कहा कि हमें दिल्ली में जाने की क्या जरूरत है। केजरीवाल दिल्ली की मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़ दें, तब हम जाकर दिल्ली के अस्पताल और शिक्षा संस्थान देख लेंगे। खेल महाकुंभ के उद्घाटन अवसर पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान विज ने कहा कि नहीं तो केजरीवाल अपने प्रदेश के संस्थानों को देखें, हम अपने प्रदेश में यह सब देख लेंगे।
विज ने केजरीवाल पर तंज कसते हुए कहा कि यह जीव आ गया है, यह कौन से ग्रह से आया, पता नहीं। विज ने कहा केजरीवाल बार-बार कहते हैं कि हरियाणा के अस्पताल और स्कूलों को जाकर देखेंगे। उनकी बीमारी का इलाज मेरे पास नहीं है, सिर्फ पीजीआई रोहतक में ही है क्योंकि पागलों का डॉक्टर वहीं पर है।
विज ने दिल्ली के हालात पर कहा कि दिल्ली में सांस नहीं ली जा सकती, वहां ट्रैफिक समस्या है जिसे केजरीवाल को देखना चाहिए। यह सब चीजें देखने के लिए तो केजरीवाल के पास समय ही नहीं है। केजरीवाल को राजनीति करनी है तो हम अपने अस्पतालों, स्कूलों और कॉलेजों को केजरीवाल की राजनीति का अखाड़ा नहीं बनने देंगे।