हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि भाजपा नेता सोनाली फोगाट की मौत के मामले में उच्चस्तरीय जांच की जानी चाहिए। सच्चाई जो भी है वह जांच में सामने आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सोनाली फोगाट के मौत के मामले में उनके परिवार ने कई संगीन आरोप लगाए हैं और इन आरोपों की उच्चतरीय जांच की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि गोवा सरकार को सोनाली फोगाट के परिवार की मांग को मानना चाहिए, ताकि मामले में जो भी सत्य है वह सामने आ सके। उल्लेखनीय है गत दिवस गोवा में भाजपा नेता सोनाली फोगाट की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। सोनाली फोगाट के परिवार ने इस मामले में कई आरोप भी लगाए थे। पुलिस ने हत्या का मामला भी दर्ज किया है।
इनेलो नेता ओम प्रकाश चौटाला के बयान पर कटाक्ष करते हुए गृहमंत्री अनिल विज ने कहा कि कोई कुछ भी बोले, मगर प्रदेश में सरकार तो अभी भाजपा की ही है। किसी को गुमराह नहीं किया गया। हमारी नीतियां पारदर्शी हैं और सिस्टम ऑनलाइन कर दिया गया है और ऐसे में कोई किसी को गुमराह नहीं कर सकता है। गौरतलब है कि गत दिनों चौटाला ने एक बयान में भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा था कि वह प्रदेश की जनता को गुमराह कर रही है।
आम आदमी पार्टी पर बोले विज- नाच न जाने आंगन टेढ़ा
आम आदमी पार्टी पर गृहमंत्री अनिल विज ने कटाक्ष करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी की तो यह हाल है कि ‘नाच न जाने आंगन टेढ़ा’। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी से अपने विधायक संभाले नहीं जा रहे हैं और ऐसे में दूसरों पर आरोप लगाना सरासर गलत है। गौरतलब है कि गत दिनों दिल्ली में आम आदमी पार्टी की बैठक से कई विधायक गायब थे और उनसे संपर्क नहीं होने पर आम आदमी पार्टी ने भाजपा पर आरोप जड़े थे।
भाई ने कहा- साजिश के तहत लाया गया गोवा
सोनाली फोगाट के भाई रिंकू ने कहा कि बहन का गोवा आने का कोई प्लान नहीं था। पूर्व नियोजित साजिश के तहत लाया गया था। फिल्म की शूटिंग नहीं थी। होटल में दो कमरे सिर्फ दो दिन के लिए बुक किए गए थे। फिल्म की शूटिंग 24 अगस्त को होनी थी लेकिन कमरे केवल 21-22 अगस्त के लिए बुक किए गए।