भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विजय सांपला के कार्यालय सचिव की ओर से चार दिन पहले फेसबुक पर डाले गए एक राजनीतिक पोस्ट को लेकर भाजपा में बवाल मच गया। सांपला के कार्यालय सचिव भारत भूषण वर्मा ने फेसबुक पर एक पोस्ट डाला था जिसका सीधा-सीधा मतलब निकलता था कि आगामी विधानसभा चुनाव में होशियारपुर से भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अविनाश राय खन्ना चुनाव लड़ेंगे। इस पोस्ट के फेसबुक और इससे संबंधित स्क्रीनशॉट्स के वाट्सऐप पर वायरल होने के बाद सांपला ने इस मामले का कड़ा नोटिस लिया है।
सांपला ने जिला भाजपा अध्यक्ष को भी तलब किया। इसके बाद अब जिलाध्यक्ष रमन घई ने विज्ञप्ति जारी कर चेताया है कि भाजपा कार्यकर्ता या नेता फेसबुक या सोशल मीडिया पर पार्टी को क्षति पहुंचाने वाला कोई संदेश न लिखें।
जानकारी के अनुसार प्रदेश भाजपाध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री के कार्यालय सचिव व गैर राजनीतिक संगठन भारत विकास पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष भारत भूषण वर्मा ने 12 सितंबर को रात 10:51 पर पेसबुक पर एक पोस्ट डाला जिसमें उन्होंने लिखा था - झाड़ू के तिला तिला कर और हाथ को ढीला कर आप और कांग्रेस के गले की फांस बनेंगे 2017 के विधानसभा चुनाव में होशियारपुर से श्री अविनाश राय खन्ना। जय हिन्द। इसके साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अविनाश राय खन्ना का फोटो भी पोस्ट किया था।