मोहाली। सोहाना थाना पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ अपनी ही डेढ़ साल की मासूम बेटी के साथ दुष्कर्म के आरोप में केस दर्ज किया है। आरोपी को आईपीसी की धारा 376, 511 और पोक्सो एक्ट की धारा-18 में नामजद किया गया है। जांच अधिकारी के मुताबिक आरोपी पिता फरार है और उसकी तलाश में छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने पिता की दरिंदगी का यह मामला पीड़ित मासूम की मां के बयान पर दर्ज किया है।
बच्ची की मां ने बताया कि उसकी डेढ़ साल की बेटी है। मंगलवार को वह किसी काम से अपनी पड़ोसन के घर गई थी और उसकी डेढ़ साल की बेटी घर में सो रही थी। तभी उसे अपनी बेटी के रोने की आवाज सुनाई दी तो वह दौड़कर अपने कमरे में आई तो देखा उसका पति उसकी बेटी के साथ गलत हरकत कर रहा था। उसकी मासूम बेटी जोर-जोर से रो रही थी।
यह देख उसने शोर मचाया तो उसका पति पकड़े जाने के डर से उसे धक्का देकर वहां से फरार हो गया। उसने अपनी बेटी को चुप करवाया और पुलिस को मामले की शिकायत दी। पुलिस ने बच्ची की मेडिकल जांच करवाने के बाद आरोपी पिता के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।