शाहकोट से विधायक हरदेव सिंह लाडी शेरोवालिया पर दर्ज अवैध माइनिंग का केस रद्द कर दिया गया है। जालंधर देहात पुलिस की तरफ से अदालत में एफआईआर रद्द करने की सिफारिश की जा रही है। एसएसपी गुरप्रीत सिंह भुल्लर का कहना है कि पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त जांच के बाद मामला गलत पाया गया, जिस कारण केस को रद्द करने का फैसला लिया गया। इस मामले को लेकर चुनाव में काफी हंगामा हुआ था। केस दर्ज करने वाले इंस्पेक्टर परमिंदर बाजवा भी काफी चर्चा में थे।
पूर्व मंत्री अजीत सिंह कोहाड़ की मौत के बाद खाली हुई शाहकोट विधानसभा सीट पर पिछले माह उपचुनाव हुए थे। कांग्रेस ने हरदेव सिंह लाडी को अपना उम्मीदवार बनाया था। उम्मीदवार की घोषणा होते ही शाहकोट के अंतर्गत आते थाना महितपुर में चार मई को हरदेव सिंह लाडी के खिलाफ अवैध माइनिंग की विभिन्न धाराओं के तहत एसएचओ परमिंदर सिंह बाजवा ने केस दर्ज कर लिया था। कांग्रेस उम्मीदवार के खिलाफ दर्ज केस का मुद्दा चुनाव में भी खूब छाया रहा।
चुनाव में लाडी शेरोवालिया ने जीत दर्ज की थी और जीत के 15 दिन बाद ही जालंधर देहात पुलिस ने अवैध माइनिंग का केस रद्द कर दिया है। एसएसपी की तरफ से जांच के लिए एसआईटी और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मिलकर एक टीम का गठन किया गया था, जिसमें रेवेन्यू विभाग के अलावा राजस्व विभाग की रिपोर्ट भी ली गई थी। रिपोर्ट में लाडी शेरोवालिया पर आरोप साबित नहीं हो पाए। इस कारण मामले को रद्द कर दिया गया है और पुलिस विभाग अदालत में भी कैंसिल रिपोर्ट फाइल कर देगा।